एशिया की सबसे बड़ी Rated-4 डेटा सेंटर ऑपरेटर CtrlS Datacenters ने बिहार सरकार के साथ बोधगया में 150 MW की हाइपरस्केल AI फैक्ट्री स्थापित करने के लिए ₹10,000 करोड़ के निवेश संबंधी आशय पत्र (Letter of Intent) पर हस्ताक्षर किए हैं। कंपनी ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मौजूदगी में पटना में ₹400 करोड़ की लागत से तैयार AI और क्लाउड के लिए तैयार डेटा सेंटर का भी उद्घाटन किया।
पटना की यह सुविधा पाटलिपुत्र औद्योगिक क्षेत्र में स्थित है। इसकी IT क्षमता 12 MW है, जिसे मांग के अनुसार बढ़ाया जा सकता है। यह डेटा सेंटर बिहार और पूर्वी भारत में कारोबार करने वाली कंपनियों, सरकारी संस्थानों, हाइपरस्केलर्स और टेक्नोलॉजी कंपनियों को सेवाएं प्रदान करेगा।
CtrlS आने वाले वर्षों में टियर-2 और टियर-3 शहरों में 20 से अधिक एज डेटा सेंटर स्थापित करने की योजना बना रही है। 2007 में परिचालन शुरू करने वाली यह कंपनी भारत के नौ बाजारों में 19 डेटा सेंटर संचालित करती है। कंपनी की योजना 2030 तक अपनी क्षमता को बढ़ाकर 4.4 GW से अधिक करने की है। इसके अलावा, कंपनी दक्षिण-पूर्व एशिया और मध्य पूर्व के बाजारों में विस्तार की संभावनाएं भी तलाश रही है। थाईलैंड उसका पहला विदेशी बाजार है।
CtrlS Datacenters के फाउंडर और सीईओ श्रीधर पिन्नापुरेड्डी (Sridhar Pinnapureddy) ने कहा, “हम अपने भविष्य के लिए तैयार डेटा सेंटर के माध्यम से बिहार के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने और एक सशक्त IT इकोसिस्टम बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। ये डेटा सेंटर हाइपरस्केलर्स, कंपनियों और स्टार्टअप्स की बदलती जरूरतों को पूरा करने के लिए तैयार किए गए हैं। हम अनुकूल नीतिगत माहौल तैयार करने के लिए बिहार सरकार का आभार व्यक्त करते हैं।”