दिन्दीगुल थलप्पाकट्टी (Dindigul Thalappakatti) ने कर्नाटक की पारंपरिक डोन्ने बिरयानी को केंद्र में रखते हुए अपने नए फूड ब्रांड ‘नाटी राजा’(Nati Raja) के लॉन्च की घोषणा की है। यह लॉन्च कंपनी की क्षेत्रीय बिरयानी शैलियों में रणनीतिक विस्तार को दर्शाता है। यह ब्रांड 17वीं सदी के मराठा काल से जुड़ी डोन्ने बिरयानी की ऐतिहासिक विरासत से प्रेरित है, जो बाद में बेंगलुरु के मिलिट्री होटलों और स्थानीय भोजनालयों में लोकप्रिय हुई।
डोन्ने बिरयानी कर्नाटक की खाद्य संस्कृति का अहम हिस्सा मानी जाती है, जिसकी पहचान पुदीना प्रधान स्वाद, खास पकाने की विधि और सूखे केले के पत्तों में परोसने की परंपरा से है। समय के साथ यह शाही और सैन्य भोजन से निकलकर आम लोगों की पसंदीदा डिश बन गई। नाटी राजा का उद्देश्य इसी क्षेत्रीय विरासत को एक संगठित और स्केलेबल फॉर्मेट में पेश करना है।
इस ब्रांड को दिन्दीगुल थलप्पाकट्टी की लीडरशिप टीम ने आंतरिक रूप से विकसित किया है और इसे कंपनी की सीरागा सांबा चावल में दशकों की विशेषज्ञता का विस्तार माना जा रहा है, जो थलप्पाकट्टी की बिरयानी पहचान का मूल आधार रहा है।
दिन्दीगुल थलप्पाकट्टी के मैनेजिंग डायरेक्टर नागसामी धनबालन ने कहा,“नाटी राजा मेरे लिए एक व्यक्तिगत सपना है। सीरागा सांबा चावल के साथ हमारी पहचान दशकों पुरानी है और यह लॉन्च एक संपूर्ण और प्रामाणिक सीरागा सांबा अनुभव बनाने की हमारी इच्छा को दर्शाता है, जो क्षेत्रीय परंपराओं का सम्मान करता है और गुणवत्ता व स्वाद के हमारे मानकों पर खरा उतरता है।”
उन्होंने आगे कहा कि जहां दिन्दीगुल थलप्पाकट्टी ने दुनिया भर में दिन्दीगुल बिरयानी के स्वाद को पहुंचाया, वहीं नाटी राजा अब कर्नाटक की पारंपरिक डोन्ने बिरयानी को पूरे दक्षिण भारत तक ले जाने की जिम्मेदारी निभाएगा।
नाटी राजा के मेन्यू में चिकन, मटन और नाटी-स्टाइल डोन्ने बिरयानी शामिल हैं। इसके साथ पारंपरिक तरीकों से तैयार किए गए चिकन, मटन और मछली के स्टार्टर्स, साथ ही क्षेत्रीय स्वादों से प्रेरित डेज़र्ट और बेवरेज भी पेश किए गए हैं।
ऑपरेशंस के स्तर पर, यह ब्रांड थलप्पाकट्टी के मौजूदा पोर्टफोलियो में अपनाए गए कड़े प्रोसेस कंट्रोल्स का पालन करता है। रेसिपी स्टैंडर्डाइज्ड तरीकों से विकसित की गई हैं और पूरी सप्लाई चेन SAP-सक्षम प्लेटफॉर्म के जरिए संचालित होती है, जिससे गुणवत्ता, ट्रेसेबिलिटी और निरंतरता सुनिश्चित होती है।
थलप्पाकट्टी के अनुभवी शेफ्स द्वारा हाथ से पीसे गए मसालों और मानकीकृत मीट कट्स के साथ डोन्ने बिरयानी को खास अंदाज़ में तैयार किया जा रहा है।
कंपनी के चीफ बिज़नेस ऑफिसर सेंथिल कुमार ने कहा,“बिरयानी कैटेगरी रेस्टोरेंट और फूड सर्विस इंडस्ट्री में सबसे तेज़ी से बढ़ने वाले सेगमेंट्स में से एक है। नाटी राजा के साथ हम एक अलग और क्षेत्रीय डोन्ने बिरयानी अनुभव को बड़े पैमाने पर पेश करने का अवसर देखते हैं, खासकर फूड एग्रीगेटर प्लेटफॉर्म्स के जरिए।”
नाटी राजा की शुरुआत बेंगलुरु से की गई है और यह प्रमुख फूड एग्रीगेटर प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से पूरे दक्षिण भारत में उपलब्ध होगा, जिससे ब्रांड बिना केवल फिजिकल रेस्टोरेंट्स पर निर्भर हुए व्यापक उपभोक्ता वर्ग तक पहुंच सकेगा।