ईमोबी मैन्युफैक्चरिंग प्राइवेट लिमिटेड (Emobi Manufactury Pvt. Ltd.) ने बेंगलुरु में 100 AKX Kyari इलेक्ट्रिक स्कूटर्स तैनात किए हैं, जो Musashi India की e-axle तकनीक और होंडा पावर पैक एनर्जी इंडिया (HEID) के बैटरी-स्वैपिंग नेटवर्क के साथ काम करेंगे। इस पहल का उद्देश्य लास्ट-माइल डिलीवरी ऑपरेटरों की लागत कम करना और राइडर्स के लिए कमाई के नए अवसर पैदा करना है।
ये स्कूटर्स Tekinverse के लिए बनाए गए हैं, जो इन्हें Muvnw प्लेटफॉर्म के जरिए राइडर-पार्टनर्स को माइक्रो-फ्लीट मॉडल पर लीज पर देता है। इस मॉडल के तहत राइडर्स को वाहन खरीदने की जरूरत नहीं होती और उन्हें मेंटेनेंस, सर्विसिंग और रोडसाइड सहायता जैसी सुविधाएं मिलती हैं, जिससे उनकी कमाई में सुधार होता है।
AKX क्यारी (AKX Kyari) स्कूटर 106 किमी की IDC रेंज, 80 किमी/घंटा की टॉप स्पीड और 0 से 60 किमी/घंटा की रफ्तार 12 सेकंड में पकड़ने की क्षमता रखता है। इसमें 3.7 kW का मोटर और 1.5 kWh की डुअल स्वैपेबल बैटरी दी गई है, जो इसे 125cc पेट्रोल स्कूटर के बराबर प्रदर्शन देता है।
बैटरी-स्वैपिंग सुविधा HEID के Honda e:Swap नेटवर्क के जरिए उपलब्ध कराई जा रही है, जो “बैटरी ऐज़ अ सर्विस” (BaaS) मॉडल पर आधारित है। इससे वाहन की शुरुआती लागत कम होती है, बैटरी बदलने की चिंता खत्म होती है और चार्जिंग में लगने वाला समय भी बचता है।
कंपनी के सीईओ भरत राव के अनुसार, यह पहल इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को ज्यादा सुलभ और लाभदायक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। वहीं मुसाशी इंडिया (Musashi India) और एचईआईडी (HEID) के अधिकारियों ने भी इस साझेदारी को भारत में ईवी इकोसिस्टम को मजबूत करने वाला बताया।
यह तैनाती ऐसे समय में हुई है जब भारत का लॉजिस्टिक्स सेक्टर ईंधन लागत और प्रदूषण कम करने के दबाव में है। ईमोबी (Emobi) ने बताया कि वह जल्द ही इस मॉडल को अन्य शहरों में भी विस्तार देगा, जिसमें दिल्ली एनसीआर अगला प्रमुख बाजार होगा।