हैदराबाद में Exicom का नया EV चार्जर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट शुरू

हैदराबाद में Exicom का नया EV चार्जर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट शुरू

हैदराबाद में Exicom का नया EV चार्जर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट शुरू
एक्सिकॉम टेली-सिस्टम्स ने हैदराबाद में 216 करोड़ रुपये के निवेश से नई मैन्युफैक्चरिंग सुविधा शुरू की है, जहां ईवी चार्जर, बैटरी सिस्टम और पावर इलेक्ट्रॉनिक्स का उत्पादन होगा।

एक्सिकॉम टेली-सिस्टम्स लिमिटेड ने तेलंगाना के हैदराबाद में अपनी नई मैन्युफैक्चरिंग सुविधा का उद्घाटन किया है। 18.4 एकड़ में फैले इस प्लांट में करीब 216 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है और इसने नवंबर 2025 से संचालन शुरू कर दिया है। यह सुविधा भारत के तेजी से बढ़ते इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और पावर इलेक्ट्रॉनिक्स इकोसिस्टम में कंपनी के विस्तार की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।

यह नया प्लांट कंपनी की ईवी चार्जिंग सॉल्यूशंस, बैटरी सिस्टम और क्रिटिकल पावर इलेक्ट्रॉनिक्स क्षमताओं को मजबूत करेगा। यहां हर साल 4,000 DC फास्ट चार्जर और 1 लाख AC चार्जर बनाए जा सकेंगे, जो सार्वजनिक चार्जिंग नेटवर्क के साथ-साथ आवासीय और कमर्शियल ईवी चार्जिंग जरूरतों को पूरा करेंगे।

इसके अलावा, प्लांट में हर महीने 10,000 रेक्टिफायर, 50,000 कंट्रोलर सालाना और 50,000 क्रिटिकल पावर सिस्टम तैयार किए जा सकेंगे। बैटरी मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में भी यह सुविधा अहम भूमिका निभाएगी, जहां 0.5 GWh लिथियम-आयन बैटरी सेल-टू-मॉड्यूल असेंबली और 1 GWh मॉड्यूल-टू-पैक बैटरी उत्पादन क्षमता विकसित की गई है।

वर्तमान में इस प्लांट में करीब 450 लोग कार्यरत हैं और कंपनी स्थानीय आईटीआई व तकनीकी संस्थानों के साथ साझेदारी कर ईवी और पावर इलेक्ट्रॉनिक्स स्किल डेवलपमेंट को भी बढ़ावा देने की योजना बना रही है।

इस सुविधा से कंपनी के Harmony Direct 2.0 DC फास्ट चार्जर (60kW–240kW) और Spin Series AC चार्जर (3.3kW–22kW) का उत्पादन किया जाएगा। साथ ही, Spin Free पोर्टेबल AC चार्जर भी बनाए जाएंगे, जो घरों और व्यावसायिक स्थानों के लिए उपयुक्त हैं।

मैन्युफैक्चरिंग प्लांट को Industry 4.0 सिद्धांतों के आधार पर विकसित किया गया है, जिसमें ऑटोमेटेड असेंबली लाइन, प्रिसिजन इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग और सख्त परीक्षण प्रक्रियाएं शामिल हैं। हर उत्पाद को बाजार में भेजने से पहले वास्तविक परिस्थितियों में परीक्षण किया जाता है और डिजिटल ट्रेसबिलिटी सिस्टम से हर कंपोनेंट की निगरानी की जाती है।

सस्टेनेबिलिटी को ध्यान में रखते हुए प्लांट में 1 मेगावाट रूफटॉप सोलर प्लांट, रेनवॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम और सीवेज ट्रीटमेंट सुविधा भी स्थापित की गई है। यह प्लांट IGBC ग्रीन बिल्डिंग मानकों के अनुरूप बनाया गया है और कंपनी के संचालन ISO 9001, ISO 14001 और ISO 45001 सहित BIS और UL प्रमाणनों के अनुरूप हैं।

हैदराबाद में इस नई सुविधा के साथ एक्सिकॉम का लक्ष्य भारत के तेजी से बढ़ते ईवी चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और डिजिटल पावर इकोसिस्टम में एक प्रमुख टेक्नोलॉजी प्रदाता के रूप में अपनी स्थिति को और मजबूत करना है।

Subscribe Newsletter
Submit your email address to receive the latest updates on news & host of opportunities