देशभर में शिक्षक शिक्षा और शिक्षकों की व्यावसायिक क्षमता को मजबूत करने की दिशा में राष्ट्रीय शिक्षक शिक्षा परिषद (NCTE) ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। परिषद ने पूर्व आईपीएस अधिकारी और पुडुचेरी की पूर्व उपराज्यपाल डॉ. किरण बेदी को अपनी ‘मित्र (MITRA-NMM)’ पहल के तहत राष्ट्रीय मेंटर के रूप में शामिल किया है। इस नियुक्ति के माध्यम से अब डॉ. बेदी देशभर के स्कूली शिक्षकों को अपने प्रशासनिक अनुभव, नेतृत्व क्षमता और सार्वजनिक सेवा से जुड़े अनुभवों के आधार पर मार्गदर्शन प्रदान करेंगी।
NCTE की ओर से 18 नवंबर 2026 को मुख्यालय से आयोजित एक ऑनलाइन सत्र के दौरान डॉ. किरण बेदी को औपचारिक रूप से इस पहल से जोड़ा गया। इस सत्र में उन्हें ‘मित्र’ पहल की कार्यप्रणाली, इसके उद्देश्यों और राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत शिक्षक शिक्षा को बेहतर बनाने में इसकी भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
अगले महीने से शुरू करेंगी मेंटरिंग सत्र
इस अवसर पर डॉ. किरण बेदी ने NCTE की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के प्रति योगदान देने का एक प्रभावी माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि ‘मित्र’ जैसे मंच के जरिए सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारियों, अनुभवी पेशेवरों और वरिष्ठ शिक्षाविदों को अपने अनुभवों का उपयोग नई पीढ़ी के शिक्षकों के मार्गदर्शन के लिए करने का अवसर मिलता है।
उन्होंने इस पहल के शिक्षक-केंद्रित दृष्टिकोण की भी प्रशंसा की और इसमें सक्रिय भूमिका निभाने की प्रतिबद्धता जताई। साथ ही, उन्होंने घोषणा की कि वह अगले महीने NCTE की इस पहल के तहत अपना पहला मेंटरिंग सत्र आयोजित करेंगी। इस सत्र के माध्यम से शिक्षकों को उनके पेशेवर विकास, नेतृत्व क्षमता और शिक्षण से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं पर मार्गदर्शन मिलने की उम्मीद है।
क्या है NCTE की ‘मित्र’ पहल?
‘मेंटोरिंग इनिशिएटिव फॉर टीचिंग, रिसर्च एंड असेसमेंट’ (MITRA), जिसे पहले ‘नेशनल मिशन फॉर मेंटरिंग’ (NMM) के नाम से जाना जाता था, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत NCTE की एक महत्वपूर्ण पहल है। इसका मुख्य उद्देश्य अनुभवी पेशेवरों और विशेषज्ञों को स्कूली शिक्षकों से जोड़कर उनके कौशल, ज्ञान और शिक्षण क्षमता को विकसित करना है।
इस पहल के तहत विभिन्न क्षेत्रों में अनुभव रखने वाले मेंटर्स ऑनलाइन संवाद के माध्यम से सेवारत शिक्षकों को व्यक्तिगत मार्गदर्शन प्रदान करते हैं। इसके जरिए शिक्षकों को अपनी शिक्षण पद्धतियों में सुधार करने, नई शैक्षणिक चुनौतियों को समझने और कक्षा में बेहतर शिक्षण वातावरण तैयार करने में सहायता मिलती है।
यह पहल केवल शिक्षकों के प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके निरंतर व्यावसायिक विकास पर भी ध्यान केंद्रित करती है। इसके माध्यम से शिक्षक अपने अनुभव साझा कर सकते हैं, विशेषज्ञों से सीख सकते हैं और विद्यार्थियों के सीखने के परिणामों को बेहतर बनाने के लिए नई रणनीतियां विकसित कर सकते हैं।
शिक्षक शिक्षा को मजबूत करने पर जोर
NCTE के अनुसार, डॉ. किरण बेदी का प्रशासनिक अनुभव, नेतृत्व क्षमता और जनसेवा के प्रति समर्पण इस पहल को मजबूती प्रदान करेगा। उनके जुड़ने से शिक्षकों को नेतृत्व, अनुशासन, जवाबदेही और संस्थागत प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी मार्गदर्शन मिलने की संभावना है। वहीं शिक्षा व्यवस्था में शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण मानते हुए NEP 2020 में उनके निरंतर व्यावसायिक विकास और क्षमता निर्माण पर विशेष जोर दिया गया है। ऐसे में ‘मित्र’ पहल के जरिए अनुभवी व्यक्तित्वों को शिक्षकों से जोड़ना शिक्षक शिक्षा को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
NCTE ने इस पहल के माध्यम से ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य के अनुरूप देश की शिक्षक शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। डॉ. किरण बेदी की भागीदारी से इस पहल के दायरे और प्रभाव को बढ़ाने की उम्मीद है, जिससे देशभर के शिक्षकों को अनुभवी मार्गदर्शकों से सीखने के नए अवसर मिल सकेंगे।