ग्रीव्स इलेक्ट्रिक मोबिलिटी (Greaves Electric Mobility Ltd. (GEML) ने अपने 530 करोड़ रुपये के राइट्स इश्यू को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। यह राइट्स इश्यू पूरी तरह सब्सक्राइब हुआ, जिसमें कंपनी के मौजूदा शेयरधारकों Greaves Cotton Ltd. और Abdul Latif Jameel Green Mobility Solutions ने अपनी हिस्सेदारी के अनुपात में भाग लिया।
कंपनी ने बताया कि जुटाई गई पूंजी का उपयोग उसके अगले विकास चरण के लिए किया जाएगा। इसमें नए इलेक्ट्रिक वाहनों के विकास, बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम (BMS), पावरट्रेन तकनीक और अन्य उन्नत तकनीकों में निवेश शामिल है। इसके अलावा, कंपनी अपने इलेक्ट्रिक दोपहिया और तीनपहिया वाहन पोर्टफोलियो को मजबूत करने के साथ-साथ भारत के तेजी से बढ़ते इलेक्ट्रिक मोबिलिटी बाजार में तकनीकी विकास और विस्तार पर भी ध्यान देगी।
ग्रीव्स इलेक्ट्रिक मोबिलिटी (Greaves Electric Mobility) ने यह भी स्पष्ट किया कि उसने अपने प्रस्तावित आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) के लिए भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) द्वारा दी गई समय-सीमा विस्तार सुविधा का लाभ नहीं लेने का फैसला किया है। हालांकि, कंपनी ने कहा कि बाजार की परिस्थितियों, नियामकीय मंजूरी और अन्य आवश्यक शर्तों के अनुरूप उचित समय पर IPO लाने की उसकी योजना बरकरार है।
कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर विकास सिंह ने कहा कि राइट्स इश्यू का पूरी तरह सब्सक्राइब होना मौजूदा निवेशकों के कंपनी की रणनीति, विजन और क्रियान्वयन क्षमता पर मजबूत विश्वास को दर्शाता है।
ग्रीव्स इलेक्ट्रिक मोबिलिटी (Greaves Electric Mobility), जो एम्पेयर (Ampere) इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर ब्रांड और Greaves 3 Wheelers का संचालन करती है, ने कहा कि यह निवेश कंपनी को इलेक्ट्रिक दोपहिया और तीनपहिया सेगमेंट में नए उत्पादों के विकास, रिटेल नेटवर्क के विस्तार और मैन्युफैक्चरिंग क्षमता बढ़ाने में मदद करेगा।