भारत की होमग्रोन टेक्नोलॉजी-फर्स्ट इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल निर्माता Avore Electric, जो Samarth E-Mobility का हिस्सा है, ने अपनी पहली इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल Avore Electric EX (Elevated Experience) को लॉन्च कर दिया है। इस सीरीज़ का अनावरण गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने किया। कंपनी ने इसे तीन वेरिएंट – EX 2S, EX 2 और EX 1 – में पेश किया है, जिनकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 1,24,999 रुपये रखी गई है।
कंपनी के अनुसार, EX को पूरी तरह भारत में विकसित किया गया है और इसे स्वदेशी तकनीक, स्मार्ट इंजीनियरिंग और रोज़मर्रा के उपयोग को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। एवोर इलेक्ट्रिक (Avore Electric) का विज़न है कि इंटेलिजेंस केवल एक फीचर न होकर पूरी मोटरसाइकिल की नींव बने। इसी सोच को कंपनी ने अपने टैगलाइन "Intelligence Beyond Motion" में दर्शाया है।
260 किमी तक की रेंज और 4 घंटे में फुल चार्ज
एवोर इलेक्ट्रिक EX (Avore Electric EX) में दुर्लभ धातुओं (Rare Earth) पर निर्भरता कम करने वाला Permanent Magnet Synchronous Motor (PMSM) दिया गया है। अलग-अलग वेरिएंट में यह मोटर 7.5 kW से 10.5 kW तक की अधिकतम पावर और 250 Nm का पीक व्हील टॉर्क प्रदान करती है।
EX 2S – 260 किमी IDC प्रमाणित रेंज, 114 किमी/घंटा टॉप स्पीड
EX 2 – 255 किमी IDC प्रमाणित रेंज, 100 किमी/घंटा टॉप स्पीड
EX 1 – 160 किमी IDC प्रमाणित रेंज, 100 किमी/घंटा टॉप स्पीड
सभी वेरिएंट में 1500W ऑनबोर्ड फास्ट चार्जर दिया गया है, जिसे सामान्य 5A या 15A घरेलू सॉकेट से चार्ज किया जा सकता है। बैटरी 20% से 80% तक लगभग 2 घंटे में और 0 से 100% तक करीब 4 घंटे में चार्ज हो जाती है।
AI और स्मार्ट कनेक्टेड फीचर्स
एवोर इलेक्ट्रिक ईएक्स (Avore Electric EX) में कंपनी का स्वयं का विकसित AVORE SENSE ऑपरेटिंग सिस्टम, AVA (Avore Vehicle Assistance) और एवोर सिनेप्स (Avore Synapse) नाम का AI-आधारित स्मार्ट सिस्टम दिया गया है, जो राइड डेटा और उपयोगकर्ता की राइडिंग जानकारी रिकॉर्ड करता है। इसके अलावा मोटरसाइकिल में Apex Performance Mode, Syft Manual Gear Mode, PAM+ Park Assist, Guide-Me-Home Lights, Auto Indicator Cut-off, Welcome Lights, Beacon Tank Lighting और Ergo Fit Riding Triangle जैसे आधुनिक फीचर्स दिए गए हैं।
सुरक्षा और स्वदेशी तकनीक पर जोर
कंपनी का कहना है कि EX प्लेटफॉर्म को भारतीय परिस्थितियों में 1 लाख किलोमीटर से अधिक रोड टेस्ट, 2,500 घंटे से अधिक डायनो टेस्टिंग और व्यापक राइडर परीक्षणों से गुजारा गया है। यह मोटरसाइकिल AIS-156 और AIS-038 सुरक्षा मानकों का पालन करती है। बैटरी पर 5 वर्ष या 60,000 किलोमीटर की वारंटी भी दी जा रही है।
एवोर इलेक्ट्रिक (Avore Electric) ने पिछले तीन वर्षों में अहमदाबाद स्थित अपने आरएंडडी सेंटर में बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम (BMS), बैटरी पैक, मोटर, मोटर कंट्रोलर, ऑनबोर्ड चार्जर, डिस्प्ले सिस्टम और ऑपरेटिंग सिस्टम सहित नौ से अधिक प्रमुख तकनीकों का विकास इन-हाउस किया है। कंपनी ने अब तक 120 से अधिक बौद्धिक संपदा (IP) आवेदन भी दायर किए हैं।
अगले महीने से शुरू होगी बिक्री
एवोर इलेक्ट्रिक ईएक्स (Avore Electric EX) को EX 2S और EX 2 वेरिएंट में स्टारलिट ब्लू डुअल टोन (Starlit Blue Dual Tone),मीटिओर रेड डुअल टोन (Meteor Red Dual Tone) और स्टेलर ब्लैक डुअल टोन (Stellar Black Dual Tone) रंगों में उपलब्ध कराया जाएगा, जबकि EX 1 तीन सिंगल-टोन रंगों में आएगी।
कंपनी ने बताया कि मोटरसाइकिल की बुकिंग 799 रुपये से शुरू हो चुकी है। अगले महीने से देश के प्रमुख शहरों में इसकी बिक्री शुरू होगी, जबकि ग्राहकों को डिलीवरी लगभग दो महीने बाद शुरू की जाएगी।
कंपनी के संस्थापक प्रियंक रखोलिया ने कहा कि EX के विकास में तीन वर्षों तक रिसर्च, परीक्षण और वैलिडेशन किया गया ताकि भारतीय ग्राहकों को वैश्विक स्तर की सुरक्षा, परफॉरमेंस और स्वदेशी तकनीक से लैस इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल उपलब्ध कराई जा सके।