एनर्जी इन मोशन लिमिटेड (Energy In Motion Limited - EIM) ने हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) के साथ एक समझौता किया है, जिसके तहत देशभर में HPCL के चुनिंदा रिटेल आउटलेट्स पर इलेक्ट्रिक हेवी कमर्शियल व्हीकल्स (e-HCVs) के लिए फास्ट चार्जिंग और बैटरी स्वैपिंग इंफ्रास्ट्रक्चर स्थापित और संचालित किया जाएगा।
एचपीसीएल (HPCL) के देशभर में 25,000 से ज्यादा रिटेल आउटलेट्स हैं, जिनमें राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे पर स्थित स्टेशन भी शामिल हैं। इस साझेदारी के तहत EIM चरणबद्ध तरीके से चार्जिंग और बैटरी स्वैपिंग सुविधाएं स्थापित करेगा। पहले चरण में मुंबई–पुणे, दिल्ली–जयपुर और चेन्नई–बेंगलुरु जैसे प्रमुख मालवाहक कॉरिडोर पर अगले 18 से 24 महीनों में स्वैप-एंड-चार्ज हब विकसित किए जाएंगे। इसके बाद इस नेटवर्क का विस्तार देश के अन्य हिस्सों में किया जाएगा।
इन स्टेशनों पर इलेक्ट्रिक कमर्शियल वाहनों के लिए फास्ट चार्जिंग के साथ बैटरी स्वैपिंग की सुविधा भी उपलब्ध होगी। यह पूरी व्यवस्था EIM के डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ी होगी, जिससे रियल-टाइम स्टेशन उपलब्धता, डिजिटल भुगतान और रिमोट मॉनिटरिंग जैसी सुविधाएं मिलेंगी।
समझौते के अनुसार, EIM बैटरी स्टॉक और स्वैप-एंड-चार्ज हार्डवेयर का स्वामित्व और संचालन करेगा, जबकि HPCL अपने रिटेल आउटलेट्स पर आवश्यक स्थान, बिजली, उपयोगिताएं और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।
बैटरी स्वैपिंग तकनीक के जरिए उपयुक्त इलेक्ट्रिक कमर्शियल वाहनों के चालक केवल सात मिनट में खाली बैटरी को पूरी तरह चार्ज बैटरी से बदल सकेंगे, जिससे वाहन का डाउनटाइम काफी कम होगा।
इस साझेदारी पर ईआईएम (EIM) के मैनेजिंग डायरेक्टर नरेंद्र मुरकुंबी ने कहा कि चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर की सफलता उसकी विश्वसनीयता पर निर्भर करती है। एचपीसीएल HPCL के साथ मिलकर कंपनी ऐसे स्थानों पर चार्जिंग और बैटरी स्वैपिंग सुविधाएं स्थापित करेगी, जहां चालक पहले से रुकते हैं और जहां बिजली, पर्याप्त जगह, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि यह साझेदारी भारत के प्रमुख मालवाहक मार्गों पर भरोसेमंद स्वैप-एंड-चार्ज नेटवर्क तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
ईआईएम (EIM) देशभर में इलेक्ट्रिक हेवी कमर्शियल व्हीकल्स के लिए मेगावॉट क्षमता वाले चार्जिंग और बैटरी स्वैपिंग नेटवर्क का विकास कर रही है। कंपनी ने 1 अगस्त 2025 को अपना पहला 55 टन क्षमता वाला इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर 'अश्वा' (Ashwa) लॉन्च किया था।
वर्तमान में ईआईएम (EIM) ने दिल्ली-एनसीआर और जेएनपीए (JNPA) पोर्ट क्षेत्र में छह हेवी-ड्यूटी बैटरी स्वैप स्टेशन शुरू किए हैं, जिनकी संयुक्त क्षमता प्रतिदिन 840 बैटरी स्वैप की है। कंपनी का लक्ष्य मार्च 2027 तक देशभर में 40 हेवी कमर्शियल व्हीकल स्वैप-कम-चार्जिंग स्टेशन संचालित करने का है।