हुंडई मोटर इंडिया (Hyundai Motor India) ने अपनी आगामी SUV के नाम का ऐलान कर दिया है। कंपनी की नई SUV का नाम बेयॉन (Bayon) रखा गया है, जो भारत में हुंडई (Hyundai) के मौजूदा SUV पोर्टफोलियो में शामिल होगी। कंपनी ने कहा है कि इस मॉडल से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां आने वाले हफ्तों में सामने आएंगी।
हुंडई के मुताबिक, बेयॉन (Bayon) एक नई ग्लोबल एसयूवी (SUV) है, जिसे भारतीय ग्राहकों की नई पीढ़ी को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। इसमें कंपनी की ग्लोबल डिजाइन और प्रोडक्ट फिलॉसफी के साथ टेक्नोलॉजी पर आधारित फीचर्स दिए जाएंगे। कंपनी इसे डिजाइन, टेक्नोलॉजी और उपयोगिता को जोड़ने वाली “इंटेलिजेंट मोबिलिटी” सोच का हिस्सा बता रही है।
बेयॉन (Bayon) नाम फ्रांस के बास्क क्षेत्र में स्थित शहर Bayonne से प्रेरित है। Hyundai के अनुसार, यह शहर अपनी अलग पहचान और गतिशीलता के लिए जाना जाता है। कंपनी का कहना है कि यह नाम उसकी ग्लोबल डिजाइन फिलॉसफी के साथ-साथ नई SUV की एडवेंचर और बदलते भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार के अनुरूप पोजिशनिंग को दर्शाता है।
हुंडई मोटर इंडिया (Hyundai Motor India) के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ तरुण गर्ग ने कहा कि बेयॉन इंटेलिजेंट और सहज मोबिलिटी एक्सपीरियंस तैयार करने की कंपनी की नई सोच को दर्शाती है। SUV में ऐसी टेक्नोलॉजी पर फोकस किया गया है, जो ग्राहकों की रोजमर्रा की जरूरतों के साथ आसानी से जुड़ सके।
कंपनी ने आगामी एसयूवी (SUV) के नाम का ऐलान करने के लिए एक फिल्म भी जारी की है। फ्यूचरिस्टिक लैबोरेटरी थीम पर आधारित इस फिल्म में अलग-अलग एलिमेंट्स को एक साथ आते हुए दिखाया गया है, जो अंत में “Intelligence ON” मैसेज के साथ बेयॉन (Bayon) नाम को सामने लाते हैं।
बेयॉन (Bayon) के नाम का ऐलान भारत में इसकी लॉन्च प्रक्रिया का पहला चरण है। कंपनी आने वाले दिनों में एसयूवी (SUV) की पोजिशनिंग, टेक्नोलॉजी, फीचर्स और अन्य स्पेसिफिकेशन से जुड़ी जानकारी साझा कर सकती है।