हुंडई 2030 तक लगाएगी 600 DC फास्ट चार्जर

हुंडई 2030 तक लगाएगी 600 DC फास्ट चार्जर

हुंडई 2030 तक लगाएगी 600 DC फास्ट चार्जर
हुंडई के myHyundai ऐप के जरिए अब देशभर में 30,000 से ज्यादा ईवी चार्जिंग पॉइंट्स तक पहुंच मिलेगी। कंपनी ने 2030 तक अपने DC फास्ट चार्जिंग नेटवर्क को बढ़ाकर 600 स्टेशन करने का लक्ष्य रखा है।

हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड (HMIL) ने घोषणा की है कि उसके myHyundai ऐप के माध्यम से अब देशभर में 30,000 से ज्यादा ईवी चार्जिंग पॉइंट्स तक पहुंच उपलब्ध होगी। यह नेटवर्क विभिन्न चार्ज पॉइंट ऑपरेटरों (CPOs) के साथ साझेदारी के जरिए तैयार किए गए है और कंपनी के अनुसार यह भारत में एकल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध सबसे बड़े एकीकृत चार्जिंग नेटवर्क में से एक है।

कंपनी का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य इलेक्ट्रिक वाहन उपयोगकर्ताओं को लंबी दूरी की यात्रा के दौरान बेहतर चार्जिंग सुविधा उपलब्ध कराना है। हुंडई के अनुसार, देशभर में औसतन 25 किलोमीटर के दायरे में चार्जिंग सुविधा उपलब्ध है। यह नेटवर्क दिल्ली-गुरुग्राम-जयपुर, मुंबई-पुणे-बेंगलुरु, मुंबई-रत्नागिरी-गोवा, चेन्नई-वेल्लोर-बेंगलुरु और हैदराबाद-कुर्नूल-बेंगलुरु जैसे प्रमुख हाईवे कॉरिडोर को भी कवर करता है।

चार्ज पॉइंट ऑपरेटरों के साथ साझेदारी के अलावा, कंपनी अपने स्वयं के चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का भी विस्तार कर रही है। वर्तमान में हुंडई 105 शहरों में 183 DC फास्ट चार्जिंग स्टेशन संचालित कर रही है। कंपनी ने 2030 तक इस संख्या को बढ़ाकर 600 स्टेशन करने का लक्ष्य रखा है। ये स्टेशन शहरों, हाईवे और हुंडई डीलरशिप्स पर स्थापित किए जाएंगे।

कंपनी के अनुसार, उसके चार्जिंग स्टेशन 60 kW से 240 kW तक की चार्जिंग क्षमता प्रदान करते हैं और सभी ब्रांड के इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए खुले हैं। जनवरी 2023 से जून 2026 के बीच हुंडई के स्वामित्व वाले चार्जिंग नेटवर्क ने 3 लाख से अधिक EV उपयोगकर्ताओं को सेवा दी है और 50 लाख kWh से अधिक ऊर्जा उपलब्ध कराई है। कंपनी का दावा है कि इससे लगभग 35 लाख किलोग्राम CO₂ उत्सर्जन को कम करने में मदद मिली है।

माईहुंडई (myHyundai) ऐप के जरिए उपयोगकर्ता चार्जिंग स्टेशन खोजने, नेविगेशन, एडवांस बुकिंग और डिजिटल भुगतान जैसी सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं। कंपनी ने अपने चार्जिंग स्टेशनों को हाईवे और शहरों में भोजनालयों एवं रेस्ट एरिया के पास स्थापित किया है, ताकि वाहन चार्ज होने के दौरान ग्राहक आराम कर सकें।

भविष्य की योजनाओं के तहत हुंडई ने चालू वित्त वर्ष में मास-मार्केट इलेक्ट्रिक SUV लॉन्च करने की भी घोषणा की है, जिससे कंपनी भारत के तेजी से बढ़ते ईवी बाजार में अपनी मौजूदगी और मजबूत करना चाहती है।

Subscribe Newsletter
Submit your email address to receive the latest updates on news & host of opportunities