जेएसडब्ल्यू ग्रीनटेक (JSW Greentech) ने अपने इलेक्ट्रिक कमर्शियल व्हीकल ब्रांड एम्पस्टार (Ampstar) को लॉन्च करते हुए भारत के इलेक्ट्रिक ट्रक और बस बाजार में एंट्री की है। कंपनी ने मुंबई में 55-टन इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर-ट्रेलर और एक इलेक्ट्रिक बस पेश की। इनका कमर्शियल प्रोडक्शन महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर स्थित ग्रीनफील्ड मैन्युफैक्चरिंग प्लांट से शुरू होने की उम्मीद है।
जेएसडब्ल्यू ग्रुप (JSW Group) इलेक्ट्रिक कमर्शियल व्हीकल कारोबार के पहले चरण में करीब 2,500 करोड़ का निवेश कर रहा है। 90 एकड़ में तैयार हो रहे प्लांट की सालाना उत्पादन क्षमता 15,000 वाहनों की होगी, जिसमें 10,000 इलेक्ट्रिक बस और 5,000 इलेक्ट्रिक ट्रक शामिल हैं। JSW Group के चेयरमैन सज्जन जिंदल ने कहा कि कंपनी का उद्देश्य भारत में डीजल से इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की ओर बदलाव को तेज करना है।
एम्पस्टार (Ampstar) शुरुआत में 55-टन इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर-ट्रेलर पर फोकस करेगा, जिनका इस्तेमाल स्टील, सीमेंट, माइनिंग और पोर्ट जैसे क्षेत्रों में किया जाएगा। कंपनी आगे टिपर्स, फिक्स्ड-बॉडी ट्रक और डंपर्स जैसे वाहन भी पेश करेगी। ट्रकों में फिक्स्ड और स्वैपेबल बैटरी विकल्प दिए जाएंगे, जबकि बैटरी कॉन्फिगरेशन को ग्राहक की जरूरत और एप्लिकेशन के अनुसार कस्टमाइज किया जाएगा।
कंपनी शुरुआत में क्लोज्ड-लूप ऑपरेशंस पर ध्यान देगी, जहां वाहन तय रूट पर फैक्ट्री, माइन और पोर्ट जैसे स्थानों के बीच चलते हैं। वहीं, Ampstar की इलेक्ट्रिक बस रेंज 7 से 18 मीटर तक होगी और इसका इस्तेमाल स्टाफ ट्रांसपोर्ट, सिटी सर्विस, स्कूल बस और एयरपोर्ट ऑपरेशंस में किया जा सकेगा। प्लांट में ट्रक कैबिन, बस बॉडी और बैटरी पैक असेंबली की सुविधा होगी।
एम्पस्टार (Ampstar) शुरुआत में देशभर में डीलर नेटवर्क बनाने के बजाय डायरेक्ट B2B मॉडल के तहत वाहन बेचेगा। कंपनी आउटराइट खरीद के अलावा कॉस्ट-पर-किलोमीटर और वेट-लीज मॉडल भी पेश करेगी। इसके साथ फाइनेंसिंग सपोर्ट, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर, मेंटेनेंस और Battery-as-a-Service (BaaS) जैसी सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।