Karta Ai ने 3 मिलियन डॉलर (करीब 28.52 करोड़ रुपये) की सीड फंडिंग जुटाई है। इस फंडिंग राउंड का नेतृत्व पीयर कैपिटल (Peer Capital) और सीडर हिल कैपिटल (Cedar Hill Capital) ने किया। इसमें वाइजर वीसी (Wyser VC), सीडीएम कैपिटल (CDM Capital) और सीडस्टार्स (Seedstars) ने भी भाग लिया। वहीं, वर्टिसेज पार्टनर्स (VERTICES PARTNERS) ने इस सौदे में कंपनी को सलाह दी।
ड्रीमजेस्ट टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड (Dreamzest Technologies Private Limited) के तहत संचालित कार्ता एआई की स्थापना वर्ष 2024 में हुई थी। कंपनी एआई आधारित वॉयस एजेंट्स तैयार करती है, जो बैंकों, कर्ज देने वाली कंपनियों, फिनटेक कंपनियों और बीमा कंपनियों के ग्राहकों की आने वाली फोन कॉल को संभालते हैं।
Ai वॉयस एजेंट्स और टीम के विस्तार पर होगा निवेश
कंपनी के अनुसार, जुटाई गई फंडिंग का बड़ा हिस्सा अपने कारोबार के विस्तार और टीम को मजबूत करने में लगाया जाएगा। इसके साथ ही कंपनी अपने प्रेडिक्टिव कॉन्टेक्स्ट इंजन को बेहतर बनाने और जटिल ग्राहक सेवाओं से जुड़े कामों को अधिक भरोसेमंद तरीके से ऑटोमेट करने पर भी ध्यान देगी।
इस फंडिंग और कंपनी की रणनीति पर टिप्पणी करते हुए वर्टिसेज पार्टनर्स के फाउंडर और मैनेजिंग पार्टनर विनायक बर्मन ने कहा, "कार्ता एआई ग्राहक बातचीत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के व्यावहारिक इस्तेमाल पर काम कर रही है, जहां भरोसेमंद प्रदर्शन और जटिल प्रक्रियाओं को संभालने की क्षमता महत्वपूर्ण है।"