रिन्यूएबल एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र की कंपनी मेकपावर सॉल्यूशंस लिमिटेड ने गुजरात सरकार के साथ करजन (Karjan) में 5 GWh बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BESS) असेंबली सुविधा स्थापित करने के लिए एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस परियोजना में कंपनी लगभग 160 करोड़ रुपये का पूंजी निवेश करेगी।
प्रस्तावित सुविधा का उद्देश्य यूटिलिटी-स्केल (Utility-Scale) नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं के साथ-साथ कमर्शियल (Commercial) और औद्योगिक (Industrial) क्षेत्रों की एनर्जी स्टोरेज आवश्यकताओं के लिए बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम का असेंबली कार्य करना है।
भारत में स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन क्षमता के तेजी से विस्तार के साथ बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम की भूमिका लगातार बढ़ रही है। यह तकनीक नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों की अनियमित बिजली सप्लाई को संतुलित करने और बिजली ग्रिड की स्थिरता बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान देती है।
मेकपावर सॉल्यूशंस लिमिटेड के मैनेजिग डायरेक्टर सेतुल शाह ने कहा, "5 GWh बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम असेंबली सुविधा में प्रस्तावित निवेश भारत की स्वच्छ ऊर्जा विकास यात्रा पर हमारे विश्वास और घरेलू विनिर्माण क्षमताओं को मजबूत करने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।"
कंपनी का मानना है कि यह परियोजना भारत में बैटरी एनर्जी स्टोरेज इकोसिस्टम को मजबूत करने के साथ-साथ स्थानीय विनिर्माण को बढ़ावा देगी और देश की स्वच्छ ऊर्जा तथा ऊर्जा सुरक्षा संबंधी महत्वाकांक्षाओं को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।