ऑटो कंपोनेंट निर्माता सोना कॉमस्टार (Sona Comstar) और टाटा स्ट्राइव Tata STRIVE ने महाराष्ट्र के चाकण (पुणे) में एक संयुक्त स्किल डेवलपमेंट सेंटर की शुरुआत की है। इस पहल का उद्देश्य पुणे के ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर की बढ़ती कुशल कार्यबल की जरूरतों को पूरा करना और स्थानीय युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
नए केंद्र में इलेक्ट्रिक वाहन (EV) तकनीक, CNC ऑपरेशन, इलेक्ट्रिकल मेंटेनेंस और फाइनेंशियल सर्विसेज से जुड़े विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। चाकण में इस केंद्र की स्थापना से स्थानीय युवाओं को आसपास स्थित ऑटोमोबाइल और विनिर्माण इकाइयों में रोजगार हासिल करने में मदद मिलेगी।
यह पहल Tata STRIVE के उद्योग-आधारित कौशल विकास कार्यक्रमों का विस्तार है। सोना कॉमस्टार (Sona Comstar) के अनुसार, चेन्नई में दोनों संस्थाओं द्वारा पहले स्थापित किए गए स्किल सेंटर में प्रशिक्षित युवाओं का करीब 80% प्लेसमेंट हुआ है। साथ ही, उस केंद्र में महिला प्रशिक्षुओं की भागीदारी में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
कंपनी का मानना है कि यह नया प्रशिक्षण केंद्र भारत के तेजी से बढ़ते इलेक्ट्रिक वाहन और ऑटोमोबाइल उद्योग के लिए कुशल मानव संसाधन तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।