ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक (Olectra Greentech) ने इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के लिए अपनी डिजिटल प्रोडक्ट डेवलपमेंट रणनीति को मजबूत करने के उद्देश्य से डसॉल्ट सिस्टम्स (Dassault Systèmes) के साथ साझेदारी की है। इस सहयोग के तहत ओलेक्ट्रा 3DEXPERIENCE प्लेटफॉर्म को अपनाएगी, जो प्रोडक्ट डिजाइन, सिमुलेशन, मैन्युफैक्चरिंग और लाइफसाइकिल मैनेजमेंट को एकीकृत डिजिटल वातावरण में जोड़ने का काम करेगा।
कंपनियों के अनुसार, यह प्लेटफॉर्म ओलेक्ट्रा को मॉडल-आधारित इंजीनियरिंग अप्रोच अपनाने में मदद करेगा, जो वैश्विक ओईएम मानकों के अनुरूप है। इसके जरिए कंपनी फिजिकल प्रोटोटाइप से पहले वर्चुअल सिमुलेशन और वैलिडेशन कर सकेगी, जिससे इंजीनियरिंग और मैन्युफैक्चरिंग टीमों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा और प्रोडक्ट डेवलपमेंट समय में कमी आएगी।
ओलेक्ट्रा ने कहा कि यह प्लेटफॉर्म ऐसे समय में अपनाया जा रहा है जब कंपनी नए इलेक्ट्रिक बस और ट्रक प्लेटफॉर्म्स में निवेश बढ़ा रही है। हैदराबाद स्थित इस ईवी निर्माता के 3,800 से ज्यादा इलेक्ट्रिक वाहन वर्तमान में भारतभर में संचालित हो रहे हैं और कंपनी के पास 10,000 से ज्यादा वाहनों का ऑर्डर बुक मौजूद है।
ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक के मैनेजिंग डायरेक्टर महेश बाबू ने कहा कि डसॉल्ट सिस्टम्स (Dassault Systèmes) के साथ यह साझेदारी कंपनी को भविष्य के उत्पादों को वैश्विक मानकों के अनुरूप विकसित करने और इंजीनियरिंग व डेवलपमेंट प्रक्रियाओं में गति एवं सटीकता बढ़ाने में मदद करेगी।
वहीं, डसॉल्ट सिस्टम्स (Dassault Systèmes) इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर दीपक एनजी ने कहा कि यह साझेदारी ऑटोमोबाइल उद्योग में इंटीग्रेटेड और प्लेटफॉर्म-आधारित वाहन विकास की ओर बढ़ते रुझान को दर्शाती है, जिसे वर्चुअल इंजीनियरिंग तकनीकों का सपोर्ट प्राप्त है।
दोनों कंपनियों ने कहा कि यह सहयोग डिजिटल इंजीनियरिंग इकोसिस्टम की दिशा में उद्योग के व्यापक बदलाव के अनुरूप है, जिसका उद्देश्य डेवलपमेंट की जटिलताओं को कम करना और अगली पीढ़ी की ईवी आर्किटेक्चर को सपोर्ट देना है।