इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर निर्माता एथर एनर्जी ने घोषणा की है कि उसके लोकप्रिय इलेक्ट्रिक स्कूटर ‘Rizta’ ने लॉन्च के दो वर्षों में 3 लाख यूनिट बिक्री का आंकड़ा पार कर लिया है। कंपनी ने इस मॉडल को अप्रैल 2024 में बाजार में पेश किया था। एथर के अनुसार, रिज़्ता (Rizta) ने पहली 1 लाख यूनिट बिक्री केवल 11 महीनों में हासिल की, जबकि दिसंबर 2025 तक इसकी बिक्री 2 लाख यूनिट तक पहुंच गई। इसके बाद अगले पांच महीनों में कंपनी ने अतिरिक्त 1 लाख यूनिट की बिक्री दर्ज की।
कंपनी ने बताया कि वित्त वर्ष 2026 में रिज़्ता (Rizta) उसके कुल बिक्री पोर्टफोलियो का 76 प्रतिशत हिस्सा बन गया, जिससे यह एथर का सबसे ज्यादा बिकने वाला मॉडल साबित हुआ। एथर एनर्जी के चीफ बिजनेस ऑफिसर रवनीत सिंह फोकेला ने कहा कि रिज़्ता (Rizta) ने दक्षिण भारत में कंपनी को मजबूत नेतृत्व दिलाने के साथ-साथ मध्य और पश्चिम भारत में भी बाजार हिस्सेदारी बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है।
रिज़्ता (Rizta) स्कूटर में 56 लीटर का कुल स्टोरेज स्पेस और स्किड कंट्रोल टेक्नोलॉजी जैसे सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं। वाहन पंजीकरण आंकड़ों के अनुसार, महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा जैसे राज्यों में एथर की बाजार हिस्सेदारी वित्त वर्ष 2025 की पहली तिमाही में 4.1 प्रतिशत से बढ़कर वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही तक 17.3 प्रतिशत हो गई। वहीं पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश जैसे उत्तरी राज्यों में कंपनी ने तीन गुना बाजार हिस्सेदारी वृद्धि दर्ज की है।