एडटेक कंपनी PhysicsWallah (PW) ने साउथ इंडिया में अपनी मौजूदगी बढ़ाने की रणनीति तैयार की है। इसके तहत कंपनी के फाउंडर और सीईओ अलख पांडेय अगले 24 महीनों के लिए साउथ इंडिया में अपना बेस बनाएंगे। कंपनी का फोकस आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, कर्नाटक और केरल में छात्रों तक अपनी एजुकेशन, टेस्ट-प्रेप और स्किलिंग सेवाओं की पहुंच बढ़ाने पर रहेगा।
तिरुपति में एक कार्यक्रम के दौरान छात्रों को संबोधित करते हुए अलख पांडेय ने कहा कि अगले 24 महीने उनका फोकस साउथ इंडिया के विद्यार्थियों पर रहेगा। उन्होंने कहा कि कंपनी इन राज्यों में अपनी मौजूदगी बढ़ाने के साथ छात्रों को वही क्वालिटी एजुकेशन उपलब्ध कराना चाहती है, जो वह देश के अन्य हिस्सों में दे रही है।
PhysicsWallah का यूनिवर्सिटी छात्रों पर खास फोकस
इस विस्तार की दिशा में PhysicsWallah ने आंध्र प्रदेश में स्थित मोहन बाबू विश्वविद्यालय (MBU) के साथ पांच साल की पार्टनरशिप की है। इस पार्टनरशिप के तहत करीब 18,000 यूनिवर्सिटी छात्रों को ऑनलाइन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई, स्किलिंग और करियर-फोकस्ड कोर्स उपलब्ध कराए जाएंगे। यह साझेदारी PW के लिए टेस्ट-प्रेप से आगे बढ़कर यूनिवर्सिटी छात्रों के बीच एआई और करियर स्किलिंग को बढ़ाने की दिशा में भी एक कदम है।
अलख पांडेय और प्रतीक महेश्वरी द्वारा शुरु की गई PhysicsWallah कंपनी अब तक 4 करोड़ से ज्यादा छात्रों तक पहुंच बना चुकी है, जबकि वित्त वर्ष 2025-26 में 50 लाख से ज्यादा पेड स्टूडेंट्स एनरोल हुए। वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी के एजुकेशन इकोसिस्टम में 16 टेस्ट-प्रेप कैटेगरी थीं।
16 टेस्ट-प्रेप कैटेगरी और 8.94 करोड़ से ज्यादा ऐप डाउनलोड
PhysicsWallah की वित्त वर्ष 2025-26 की फाइलिंग के अनुसार, कंपनी के पास 353 सेंटर थे, जबकि वित्त वर्ष 2024-25 में यह संख्या 198 थी। कंपनी के प्लेटफॉर्म पर 6,837 फैकल्टी मेंबर्स और 18,977 कर्मचारी थे। वहीं, उसके मोबाइल ऐप के 8.94 करोड़ से ज्यादा संचयी डाउनलोड और 14.2 करोड़ की स्टूडेंट कम्युनिटी दर्ज की गई थी।
PhysicsWallah ने शुरुआत में हिंग्लिश में अपने कोर्स के जरिए पहचान बनाई थी। अब कंपनी हिंदी, इंग्लिश, हिंग्लिश और नौ क्षेत्रीय भाषाओं में भी कोर्स उपलब्ध कराती है। यह बहुभाषी मॉडल साउथ इंडिया में विस्तार के दौरान अलग-अलग भाषाई पृष्ठभूमि वाले छात्रों तक पहुंच बनाने में मदद कर सकता है।
साउथ इंडिया में एजुकेशन और स्किलिंग पर बढ़ेगा फोकस
कंपनी के अनुसार, साउथ इंडिया में विस्तार का उद्देश्य सिर्फ नए बाजारों में पहुंच बनाना नहीं है, बल्कि छात्रों को एजुकेशन, एआई, स्किलिंग और करियर-फोकस्ड लर्निंग के ज्यादा अवसर उपलब्ध कराना भी है। मोहन बाबू विश्वविद्यालय के साथ साझेदारी इसी दिशा में पहला प्रमुख कदम है।
PhysicsWallah का यह विस्तार ऐसे समय में हो रहा है, जब कंपनी अपने ऑनलाइन मॉडल के साथ ऑफलाइन और हाइब्रिड एजुकेशन इंफ्रास्ट्रक्चर को भी बढ़ा रही है। वित्त वर्ष 2025-26 में उसके सेंटरों की संख्या 353 तक पहुंचना इस विस्तार का एक प्रमुख संकेत है।