सोना BLW प्रिसिजन फोर्जिंग्स लिमिटेड (सोना कॉमस्टार) Sona BLW Precision Forgings Ltd. (Sona Comstar) ने अपनी विकास यात्रा में दो महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ हासिल करने की घोषणा की है। कंपनी ने अब तक 50 करोड़ (500 मिलियन) डिफरेंशियल गियर्स और 1 करोड़ (10 मिलियन) डिफरेंशियल असेंबली का निर्माण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है, जिससे वैश्विक ड्राइवलाइन सॉल्यूशंस प्रदाता के रूप में उसकी स्थिति और मजबूत हुई है।
कंपनी बैटरी इलेक्ट्रिक व्हीकल्स (BEV), पैसेंजर व्हीकल्स, कमर्शियल व्हीकल्स और ऑफ-हाईवे वाहनों के लिए डिफरेंशियल असेंबली, प्रिसिजन-फोर्ज्ड गियर्स और अन्य ड्राइवलाइन कंपोनेंट्स का निर्माण करती है। कंपनी के अनुसार, CY25 में डिफरेंशियल गियर्स के वैश्विक बाजार में उसकी हिस्सेदारी लगभग 8.7% रही, जो 2019 में 4.5% थी, जिससे उसकी वैश्विक उपस्थिति में लगातार वृद्धि का संकेत मिलता है।
सोना कॉमस्टार ने 1999 में गुरुग्राम प्लांट से प्रिसिजन-फोर्ज्ड डिफरेंशियल गियर्स का उत्पादन शुरू किया था, जिसके बाद 2005 में पुणे में विस्तार किया गया। कंपनी ने 2013 में 10 करोड़ और 2018 में 20 करोड़ गियर्स का उत्पादन पार किया था। इसके बाद उत्पादन में तेजी आई और हाल के दो वर्षों में ही 10 करोड़ गियर्स का निर्माण कर 50 करोड़ का आंकड़ा छू लिया गया।
डिफरेंशियल असेंबली के क्षेत्र में कंपनी ने 2008 में गुरुग्राम से उत्पादन शुरू किया और 2014 में पुणे तक विस्तार किया। 2019 में मानेसर में अत्याधुनिक प्लांट की शुरुआत की गई। कंपनी ने 2017 में 10 लाख और 2023 तक 50 लाख असेंबली का उत्पादन किया, जबकि अगले 50 लाख असेंबली तीन साल से भी कम समय में तैयार कर लिए गए।
इस उपलब्धि पर प्रतिक्रिया देते हुए ग्रुप सीईओ विवेक विक्रम सिंह ने कहा कि यह माइलस्टोन कंपनी की इंजीनियरिंग उत्कृष्टता, बढ़ते पैमाने और ग्राहकों के भरोसे को दर्शाता है। उन्होंने ग्राहकों, सप्लायर्स और कर्मचारियों का आभार जताते हुए कहा कि कंपनी भविष्य में भी इनोवेशन, उन्नत तकनीकों और इंटीग्रेटेड ड्राइवलाइन सॉल्यूशंस पर फोकस बनाए रखेगी, ताकि ईवी और पारंपरिक वाहनों की बदलती जरूरतों को पूरा किया जा सके।