योगा बार (Yoga Bar) की को-फाउंडर सुहासिनी संपत ने सिंगापुर स्थित वेंचर कैपिटल फर्म बेटर बाइट वेंचर्स के साथ साझेदारी कर फ़र्स्ट बाइट इंडिया फंड लॉन्च किया है। करीब 25 करोड़ (USD 260,000) रुपये के इस फंड का उद्देश्य भारत के शुरुआती चरण के फूड फाउंडर्स और स्टार्टअप्स को सपोर्ट करना है। फंड के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 23 सितंबर है।
फ़र्स्ट बाइट इंडिया (First Bite India) का ध्यान फंक्शनल फूड और बेवरेज, हेल्दी स्नैकिंग और बेहतर-फॉर-यू स्टेपल्स बनाने वाले ब्रांड्स पर होगा। इसमें पारंपरिक भारतीय खाद्य उत्पादों के नए और आधुनिक रूप भी शामिल हैं। फंड प्री-लॉन्च या हाल ही में बिक्री शुरू करने वाले ब्रांड्स के लिए खुला है। इसके लिए किसी न्यूनतम रेवेन्यू, पिच डेक या कंपनी के इनकॉरपोरेशन की अनिवार्यता नहीं है।
जो स्टार्टअप पहले से फंडरेज कर रहे हैं, वे भी इस पहल के लिए आवेदन कर सकते हैं। Better Bite Ventures जरूरत के अनुसार को-इन्वेस्टमेंट के लिए भी तैयार है। चुने गए फाउंडर को सुहासिनी संपत से मेंटरशिप के साथ-साथ निवेशकों से जुड़ने के अवसर भी मिलेंगे।
बेटर बाइट वेंचर्स (Better Bite Ventures) ने एशिया-पैसिफिक क्षेत्र में 30 से अधिक स्टार्टअप्स में निवेश किया है। इसके पोर्टफोलियो में ग्रीनेस्ट, शाका हैरी और Phyx44 जैसे स्टार्टअप्स शामिल हैं। फर्म कई मामलों में स्टार्टअप को शुरुआती निवेश उपलब्ध कराने वाले निवेशकों में रही है।
सुहासिनी संपत ने Yoga Bar को शुरुआती चरण से बढ़ाकर करीब ₹1,000 करोड़ के कारोबार तक पहुंचाया था, जिसके बाद कंपनी को भारत की दूसरी सबसे बड़ी FMCG कंपनी को बेच दिया गया। अब First Bite India के जरिए वह शुरुआती चरण के फूड फाउंडर्स को सपोर्ट करना चाहती हैं।
बेटर बाइट वेंचर्स के माइकल क्लार के अनुसार, भारत के फंक्शनल फूड सेगमेंट में निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ रही है। इसके पीछे हेल्थ-कॉन्शियस Gen Z की बढ़ती मांग और क्विक कॉमर्स के जरिए नए ब्रांड्स के लिए मार्केट में प्रवेश आसान होना प्रमुख कारण हैं।
सुहासिनी संपत ने कहा, “मैंने योगा बार (Yoga Bar) को पहली बैच से लेकर एग्जिट तक बनाया है। अब मैं उस व्यक्ति का साथ देना चाहती हूं जो अपनी इसी यात्रा की शुरुआत करने वाला है।”