विनफ़ास्ट (VinFast) ने भारत में अपनी नई इलेक्ट्रिक एमपीवी VF MPV7 लॉन्च की है, जिसकी शुरुआती कीमत 24.49 लाख रुपये रखी गई है। यह मॉडल खासतौर पर फैमिली-फोकस्ड सेगमेंट को ध्यान में रखकर पेश किया गया है, जिसमें स्पेस, कम्फर्ट और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को प्राथमिकता दी गई है।
कंपनी के इंडिया सीईओ तपन कुमार घोष ने लॉन्च के दौरान कहा कि यह वाहन सिर्फ एक प्रोडक्ट नहीं बल्कि एक संपूर्ण ओनरशिप एक्सपीरियंस देने की कोशिश है। उन्होंने बताया कि VF MPV7 को सात-सीटर सेगमेंट में ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है, जिसमें थिएटर-स्टाइल सीटिंग और उपयोगी थर्ड रो जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
2,840 मिमी व्हीलबेस पर आधारित इस एमपीवी में 1,240 लीटर तक का लगेज स्पेस दिया गया है। कंपनी का दावा है कि यह वाहन एक बार चार्ज करने पर 517 किमी तक की रेंज देता है और फास्ट चार्जिंग के जरिए 10% से 70% तक चार्ज मात्र 30 मिनट में हो सकता है। इसमें 19-इंच अलॉय व्हील्स और फुल-LED लाइटिंग जैसे प्रीमियम फीचर्स भी दिए गए हैं।
विनफ़ास्ट ने ईवी अपनाने में आने वाली चुनौतियों को कम करने के लिए कई कदम उठाए हैं। कंपनी ने पेग्रीन (PayGreen) के साथ साझेदारी के तहत 31 मार्च 2029 तक फ्री चार्जिंग प्रोग्राम की घोषणा की है। इसके अलावा ICE-टू-EV एक्सचेंज स्कीम और 75% तक बायबैक वैल्यू देने वाला वैल्यू एश्योरेंस प्रोग्राम भी पेश किया गया है।
वीएफ एमपीवी7 (VF MPV7) के साथ 10 साल की बैटरी वारंटी, 7 साल की व्हीकल वारंटी, 3 साल की फ्री मेंटेनेंस और 7 साल तक रोडसाइड असिस्टेंस जैसी सुविधाएं भी दी जा रही हैं, जिससे ग्राहकों को भरोसेमंद ओनरशिप अनुभव मिल सके।
भारत में अपने विस्तार के तहत VinFast ने 2025 तक 35 शोरूम स्थापित किए थे, जो अब बढ़कर 50 हो चुके हैं और 2026 के अंत तक 75 टचपॉइंट्स तक पहुंचने का लक्ष्य है। इसके साथ ही कंपनी 2026 तक देशभर में 230 से अधिक सर्विस पॉइंट्स स्थापित करने की योजना बना रही है।
24.49 लाख रुपये की कीमत पर वीएफ एमपीवी7 (VF MPV7) इलेक्ट्रिक और पारंपरिक एमपीवी सेगमेंट के बीच एक संतुलन बनाता है और टोयोटा इनोवा हाईक्रॉस और किया कैरेंस जैसे मॉडलों के साथ प्रतिस्पर्धा करता है। विनफ़ास्ट का लक्ष्य उन ग्राहकों को आकर्षित करना है जो बिना ज्यादा प्रीमियम दिए इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की ओर कदम बढ़ाना चाहते हैं।