वहीं, चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (COO) अजीत पाई मंगलोर अगले महीने Delhivery से बाहर होंगे। कंपनी के अनुसार, अजीत पाई अपनी जिम्मेदारियां नई ऑपरेशंस लीडरशिप टीम को सौंप चुके हैं।
वाणी वेंकटेश की नई जिम्मेदारी
वाणी वेंकटेश फरवरी 2025 में Delhivery से CBO और Key Managerial Personnel के रूप में जुड़ी थीं। वह कंपनी के रेवेन्यू से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी संभाल रही थीं। डिप्टी CEO के रूप में वह रेवेन्यू के साथ-साथ अब मार्केटिंग और कस्टमर एक्सपीरियंस की जिम्मेदारी भी संभालेंगी। इसके अलावा, वह कंपनी की ऑपरेशंस टीम के साथ भी मिलकर काम करेंगी।
Delhivery के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO साहिल बरुआ ने कहा कि वाणी वेंकटेश की पदोन्नति उनकी बढ़ती जिम्मेदारियों और कंपनी में उनके प्रभाव को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि यह कंपनी के भीतर एग्जीक्यूटिव लीडरशिप को विकसित करने और उन्हें कई तरह की जिम्मेदारियां निभाने के लिए तैयार करने की दिशा में एक कदम है।
वाणी वेंकटेश की नियुक्ति ऐसे समय हुई है जब Delhivery इस साल अपनी वरिष्ठ नेतृत्व टीम में कई बदलाव कर रही है। इससे पहले वरुण बख्शी को चीफ सेल्स ऑफिसर और विकास कपूर को चीफ स्ट्रैटेजी ऑफिसर बनाया गया था। वहीं, अरुण बागवती, प्रशांत गाजीपुर और निखिल उम्मट को चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर नियुक्त किया गया। सनी राजा को चीफ प्रोक्योरमेंट ऑफिसर की जिम्मेदारी दी गई।
13 साल बाद Delhivery छोड़ेंगे अजीत पाई
अजीत पाई वर्ष 2013 में Delhivery से जुड़े थे। उन्होंने कंपनी में चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) के रूप में काम किया और 2019 में चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (COO) की जिम्मेदारी संभाली।
साहिल बरुआ ने अजीत पाई को Delhivery का शुरुआती और महत्वपूर्ण सदस्य बताते हुए कहा कि उन्होंने कंपनी के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने पाई के भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं दीं।
अजीत पाई ने कहा कि Delhivery के पास अब एक मजबूत नेतृत्व टीम है, जो कंपनी के भीतर से विकसित हुई है। उन्होंने कहा कि नई COO टीम के पूरी तरह जिम्मेदारी संभालने के बाद उन्हें लगा कि अब कंपनी से अलग होकर अपने अन्य उद्यमिता संबंधी हितों पर ध्यान देने का सही समय है।