महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने की अपनी प्रतिबद्धता को मजबूत करते हुए L'Oréal Paris ने Sony LIV के लोकप्रिय स्टार्टअप शो Shark Tank India के साथ साझेदारी की है। इस पहल के तहत इच्छुक महिला उद्यमियों को शो के आगामी सीजन के लिए आम आवेदन प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही आवेदन करने का विशेष अवसर मिलेगा।
इस साझेदारी के तहत महिला संस्थापकों (Women Founders) के लिए एक विशेष आवेदन विंडो (Exclusive Application Window) शुरू की गई है। इसके माध्यम से उन्हें भारत के सबसे चर्चित स्टार्टअप प्लेटफॉर्म में भाग लेने के लिए पहले आवेदन करने का मौका मिलेगा। कंपनी के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य महिला-नेतृत्व वाले स्टार्टअप्स को मेंटरशिप, निवेश के अवसर और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है।
इस साझेदारी का लक्ष्य अधिक से अधिक महिलाओं को उद्यमिता के क्षेत्र में आगे आने के लिए प्रोत्साहित करना है। साथ ही, यह L'Oréal Paris के उस व्यापक मिशन के अनुरूप है, जिसके तहत कंपनी भारत की महिलाओं के लिए उद्यमिता, वित्तीय अवसरों और व्यवसायिक विकास को बढ़ावा देना चाहती है।
इस सहयोग को खास बनाने के लिए L'Oréal Paris और Shark Tank India ने Sony LIV पर एक विशेष अभियान फिल्म (Campaign Film) भी जारी की है। इस फिल्म में दिखाया गया है कि किस तरह महिलाएं सामाजिक अपेक्षाओं, लोगों की आलोचना के डर और आत्म-संदेह जैसी चुनौतियों को पार कर अपने उद्यमिता के सपनों को पूरा करने की दिशा में पहला कदम उठाती हैं और Shark Tank India में अपने बिजनेस आइडिया प्रस्तुत करने के लिए आवेदन करती हैं।
ब्रांड ने कहा कि "यह साझेदारी इस विश्वास को मजबूत करती है कि महिलाओं को भी अवसरों, निवेश और ऐसे मंचों तक समान पहुंच मिलनी चाहिए, जो उनके सपनों और महत्वाकांक्षाओं को नई उड़ान दे सकें।"
कंपनी के अनुसार, इस पहल के माध्यम से L'Oréal Paris महिला उद्यमियों के लिए ऐसे सार्थक अवसर तैयार कर रहा है, जिनकी मदद से वे अपने व्यावसायिक विचारों को सफल कारोबार में बदल सकें और अपनी क्षमता तथा पहचान को स्वयं स्थापित कर सकें।