B2B ई-कॉमर्स यूनिकॉर्न Zetwerk ने इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) के लिए गोपनीय तरीके से ड्राफ्ट पेपर्स दाखिल किए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी इस इश्यू के जरिए करीब 4,200 करोड़ रुपये (लगभग 450 मिलियन डॉलर) जुटाने की योजना बना रही है।
एक अन्य रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी IPO से पहले लगभग 500 करोड़ रुपये का प्री-IPO राउंड भी ला सकती है, जिससे उसकी वैल्यूएशन करीब 3 बिलियन डॉलर तक पहुंच सकती है।
साल 2018 में स्थापित Zetwerk एक कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरिंग प्लेटफॉर्म है, जो कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स, एयरोस्पेस और इंडस्ट्रियल सेक्टर जैसी इंडस्ट्रीज को सेवाएं देता है और ग्लोबल मार्केट में काम करता है।
कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन की बात करें तो FY25 में इसकी कुल आय (ग्रॉस रेवेन्यू) 11% घटकर 12,798 करोड़ रुपये रह गई, जो FY24 में 14,443 करोड़ रुपये थी। हालांकि, कंपनी का नुकसान 60% घटकर 371 करोड़ रुपये रह गया, जो पिछले साल 918 करोड़ रुपये था।
अब तक Zetwerk ने निवेशकों से करीब 889 मिलियन डॉलर की फंडिंग जुटाई है। इसके प्रमुख निवेशकों में Greenoaks, Peak XV Partners, Lightspeed Venture Partners और Accel शामिल हैं।
इसी सेक्टर की अन्य कंपनियों की बात करें तो Infra.Market ने भी 5,000 करोड़ रुपये के IPO के लिए SEBI के पास गोपनीय दस्तावेज दाखिल किए हैं। वहीं, OfBusiness भी करीब 1 बिलियन डॉलर के IPO की योजना बना रही है, हालांकि इसकी टाइमलाइन अभी तय नहीं हुई है।