Bharti Real Estate, जो Bharti Enterprises का रियल एस्टेट विभाग है और वर्ल्डमार्क ब्रांड का मालिक है, इसने ‘अभिज्ञान’ नाम की एक नई पहल शुरू की है, जिसका उद्देश्य रियल एस्टेट और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में क्लासरूम की पढ़ाई और असली दुनिया के अनुभव के बीच की दूरी को कम करना है।
यह पहल एक फील्ड विजिट प्रोग्राम के रूप में तैयार की गई है, जिसमें छात्रों को बड़े प्रोजेक्ट्स का प्रैक्टिकल अनुभव मिलेगा। इसके जरिए वे प्लानिंग, डिजाइन और प्रोजेक्ट को जमीन पर लागू करने की बारीकियों को आसानी से समझ सकेंगे।
इस कार्यक्रम की शुरुआत इंडस्ट्री इंटरफेस के तहत इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी दिल्ली के सिविल इंजीनियरिंग के छात्रों के साथ हुई। छात्र Worldmark Aerocity गए, जहां उन्होंने पूरे प्रोजेक्ट को करीब से देखा और समझा कि एक बड़ा बिजनेस डिस्ट्रिक्ट कैसे प्लान और विकसित किया जाता है।
इस दौरान छात्रों को इंटीग्रेटेड डिजाइन, कंस्ट्रक्शन मैनेजमेंट, प्रोजेक्ट प्लानिंग और बड़े कमर्शियल प्रोजेक्ट्स को पूरा करने में आने वाली चुनौतियों के बारे में बताया गया। साथ ही एस. के. सायल के साथ चर्चा भी हुई, जिसमें उन्होंने इंडस्ट्री से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
कंपनी के सीनियर अधिकारियों जैसे कमल कुमार दुआ, अमित त्यागी, अजय कालिया, चेरीन डोगरा और पंकज गर्ग के साथ-साथ इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स राजा राजा मेनन और अमृत पाल ने भी छात्रों से बातचीत की। इससे छात्रों को प्रोजेक्ट कैसे शुरू होता है, कैसे पूरा होता है और किन चुनौतियों का सामना करना पड़ता है -इसकी गहरी समझ मिली।
इस पहल पर बात करते हुए एस. के. सायल, एमडी और सीईओ, Bharti Real Estate ने कहा, “अभिज्ञान हमारी उस प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसके तहत हम छात्रों को इंडस्ट्री की बेहतर समझ देना और भविष्य की प्रतिभाओं को तैयार करना चाहते हैं। आज इंफ्रास्ट्रक्चर और रियल एस्टेट सेक्टर तेजी से बदल रहा है और अधिक जटिल होता जा रहा है, ऐसे में युवाओं के लिए यह समझना जरूरी है कि बड़े प्रोजेक्ट्स सिर्फ किताबों से नहीं, बल्कि असल अनुभव से कैसे तैयार होते हैं। इस पहल के जरिए हमारा उद्देश्य छात्रों को इस क्षेत्र का व्यावहारिक अनुभव देना और उन्हें भारत की विकास यात्रा में योगदान देने के लिए प्रेरित करना है।”
वहीं एलन एल मार्बानियांग (Allan L Marbaniang) ने कहा कि इस कार्यक्रम से छात्रों को प्लानिंग, कंस्ट्रक्शन और ग्राउंड लेवल पर काम करने का अच्छा अनुभव मिला है। ऐसे अनुभव भविष्य के इंजीनियरों को बेहतर बनाने में मदद करते हैं।
'अभिज्ञान' को एक लंबे समय तक चलने वाले प्लेटफॉर्म के रूप में तैयार किया गया है, जिसमें आगे भी अलग-अलग कॉलेजों के छात्रों को फील्ड विजिट और इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स से सीखने का मौका मिलेगा। इस पहल का उद्देश्य छात्रों को रियल एस्टेट और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर की पूरी और व्यावहारिक समझ देना है।