मिडिल ईस्ट, अमेरिका और कनाडा जैसे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मजबूत ग्रोथ के बाद BRND.ME ने अब यूके, जर्मनी, फ्रांस और स्पेन में प्रवेश किया है। साथ ही, अगले एक साल में कंपनी इटली, नीदरलैंड्स और पोलैंड में भी विस्तार करने की योजना बना रही है। कंपनी के अनुसार, यह विस्तार उसके हेयरकेयर और अरोमाथेरेपी ब्रांड्स बोटैनिक हार्थ (Botanic Hearth) और मैजेस्टिक प्योर (Majestic Pure) के जरिए किया जा रहा है और यह यूरोप में BRND.ME की पहली व्यवस्थित एंट्री है।
कंपनी का कहना है कि यूरोप ब्यूटी कैटेगरी में 4 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक का बड़ा बाजार है, जिसमें हेयरकेयर और अरोमाथेरेपी शामिल हैं। यहां डिजिटल अपनाने की दर ज्यादा है और प्रभावी व आसानी से उपलब्ध उत्पादों की मांग भी मजबूत है।
पिछले 18 महीनों में यूरोप में शुरुआती चरण के दौरान, BRND.ME के हेयरकेयर और अरोमाथेरेपी कारोबार ने डिजिटल-फर्स्ट डिस्ट्रीब्यूशन मॉडल के जरिए यूके, जर्मनी, फ्रांस और स्पेन में अच्छी पकड़ बनाई है और अब कंपनी महाद्वीप के अन्य देशों में भी विस्तार कर रही है। फिलहाल यह कारोबार लगभग 6 मिलियन अमेरिकी डॉलर के रन रेट पर है।
बोटैनिक हार्थ और मैजेस्टिक प्योर में हर महीने करीब 10 प्रतिशत की वृद्धि देखी जा रही है, जो नए बाजारों में विस्तार और ग्राहकों की दोबारा खरीदारी की बढ़ती मांग का परिणाम है। BRND.ME ने यूरोप में कारोबार को संभालने के लिए जर्मनी में एक जनरल मैनेजर भी नियुक्त किया है और नए वेयरहाउस में निवेश तथा टीम विस्तार पर भी विचार कर रही है।
BRND.ME के फाउंडर और सीईओ अनंत नारायणन ने कहा, “यूरोप हमारे अंतरराष्ट्रीय विस्तार का स्वाभाविक अगला चरण है। हमारा यूरोपीय हेयरकेयर और अरोमाथेरेपी कारोबार फिलहाल करीब 6 मिलियन डॉलर के रन रेट पर है और 2026 के अंत तक इसके 10 मिलियन डॉलर तक पहुंचने की उम्मीद है। बोटैनिक हार्थ और मैजेस्टिक प्योर के जरिए हम संतुलित विस्तार, डिजिटल पहुंच और मजबूत आर्थिक मॉडल के साथ बड़े स्तर पर आगे बढ़ने की संभावना देखते हैं।”
कंपनी के अनुसार, यह विस्तार यूरोपीय संघ और भारत के बीच बढ़ते व्यापारिक सहयोग के अनुरूप है, जिससे सोर्सिंग, सप्लाई चेन और सीमा-पार संचालन में लंबे समय तक भरोसा मजबूत होगा।