यूनियन बजट 2026-27 में शिक्षा के लिए बड़े फैसले किए गए हैं। सरकार ने शिक्षा, रोजगार और कौशल के क्षेत्र में बजट का प्रावधान किया है और भविष्य की तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कौशल विकास और मेडिकल शिक्षा को प्राथमिकता दी है। साथ ही, देश के हर जिले में लड़कियों के लिए छात्रावास खोलने की भी घोषणा की गई है।
मोदी सरकार ने अपना 15वां केंद्रीय बजट पेश किया और यह वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का लगातार 9वां बजट है। इस बजट में मेडिकल शिक्षा को महत्वपूर्ण क्षेत्र माना गया है। इसके अलावा, देश के हर जिले में महिला छात्रावास खोलने की बड़ी घोषणा की गई है। टियर-2 और टियर-3 शहरों में कॉर्पोरेट मित्र बनाने का भी प्रावधान है, जिससे पेशेवर संस्थानों को सुविधाएं और प्रशिक्षण मिल सकेगा।
निर्मला सीतारमण ने इस बजट को 'युवा शक्ति से प्रेरित बजट' बताया। उन्होंने आगे कहा कि यह पहला बजट है जो कर्तव्य भवन में तैयार किया गया है। वित्त मंत्री ने आधुनिक तकनीक की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) हमारे देश को आगे ले जाने में मदद करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार रोजगार सृजन और उत्पादकता बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है।
बजट 2026 की बड़ी घोषणाएं:
हर जिले में लड़कियों के लिए हॉस्टल बनाए जाएंगे, 3 नए फार्मास्युटिकल शिक्षा संस्थान स्थापित किए जाएंगे, 3 नए आर्युर्वेद कॉलेज खोले जाएंगे, पांच विश्वविद्यालय टाउनशिप की बड़े औद्योगिक और लॉजिस्टिक गलियारों के पास स्थापना होगी ,नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ हॉस्पिटैलिटी की स्थापना होगी, 20 प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों पर 10 हजार गाइड्स के कौशल बढ़ाने की योजना भी शुरू होगी और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) मुंबई द्वारा 15,000 माध्यमिक विद्यालयों तथा 500 महाविद्यालयों में AVGC कंटेंट क्रिएटर लैब की स्थापना हेतु सहायता प्रदान की जाएगी।
बजट 2026: शिक्षा और कौशल विकास में बड़े कदम
उच्च शिक्षा:
हर जिले में लड़कियों के लिए हॉस्टल बनाए जाएंगे। इसके अलावा उच्च शिक्षा संस्थानों में शिक्षा और कौशल आधारित सीख को बढ़ावा दिया जाएगा। IIM अहमदाबाद में कृष्णमूर्ति टंडन स्कूल ऑफ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की स्थापना भी की जाएगी। मुख्य रूप से बजट 2026 में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देते हुए लड़कियों की शिक्षा और कौशल विकास पर विशेष जोर दिया गया है।
माध्यमिक और कौशल शिक्षा:
माध्यमिक स्कूलों में युवाओं के लिए कौशल विकास की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी ताकि वे रोजगार के योग्य बन सकें। इस पहल के तहत छात्रों को सेवा क्षेत्र और उद्योग की मांग के अनुसार तैयार किया जाएगा।
स्टार्टअप और नवाचार:
इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 स्टार्टअप्स के लिए बिजनेस नेटवर्किंग और प्रदर्शनी का मंच प्रदान करेगा। WaveX और अन्य राष्ट्रीय मंचों के माध्यम से मीडिया, एंटरटेनमेंट और AI क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा मिलेगा।
शैक्षणिक विकास के लिए कई अहम घोषणाएं करते हुए केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा AI, उभरती तकनीक और डिजिटल शिक्षा में छात्रों और युवाओं की भागीदारी बढ़ाई जाएगी। शिक्षा संस्थानों में उद्योग और अकादमिक सहयोग के जरिए व्यावहारिक अनुभव और रिसर्च को प्रोत्साहित किया जाएगा। वित्त मंत्री निर्मला ने आगे कहा कि "हम इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 शुरू करेंगे और साथ ही तकनीक और कुशल कार्यबल विकसित करने के लिए उद्योग-नेतृत्व वाले अनुसंधान और प्रशिक्षण केंद्रों पर भी ध्यान केंद्रित करेंगे।