भारत में बायोफ्यूल और बायोमास के कारोबार से जुड़े B2B मार्केटप्लेस Buyofuel (Buyo India Pvt. Ltd.) ने Honda Trading Corporation India Pvt. Ltd. (होंडा ट्रेडिंग कॉर्पोरेशन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड) के साथ रणनीतिक साझेदारी की है। इस साझेदारी का उद्देश्य भारत और अन्य बाजारों में बायोफ्यूल तथा इसके कच्चे माल की विश्वसनीय सप्लाई चेन विकसित करना है। दोनों कंपनियों ने इस संबंध में एक समझौता ज्ञापन (MoU) और दीर्घकालिक व्यावसायिक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।
इस साझेदारी के तहत होंडा ट्रेडिंग इंडिया की खरीद, ट्रेडिंग और सप्लाई चेन से जुड़ी क्षमताओं को Buyofuel के टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म, वैरीफाइड सप्लायर नेटवर्क और जमीनी स्तर पर काम करने के अनुभव के साथ जोड़ा जाएगा। दोनों कंपनियां औद्योगिक उपभोक्ताओं और बायोफ्यूल उत्पादकों के लिए एक भरोसेमंद सप्लाई सिस्टम तैयार करने पर काम करेंगी। इसमें उत्पादों की क्वालिटी की जांच और सप्लाई चेन में उनकी ट्रेसबिलिटी यानी स्रोत से लेकर डिलीवरी तक की जानकारी बनाए रखने पर ध्यान दिया जाएगा।
इस सहयोग में इथेनॉल के रॉ मैटीरियल और ठोस बायोफ्यूल की विभिन्न श्रेणियां शामिल होंगी। इन ठोस बायोफ्यूल का उपयोग उद्योगों में कोयले के विकल्प के रूप में किया जा सकता है। इस तरह साझेदारी का उद्देश्य उद्योगों को वैकल्पिक ईंधन उपलब्ध कराने और बायोफ्यूल की सप्लाई को अधिक व्यवस्थित बनाने में मदद करना है।
दोनों कंपनियों के बीच समझौतों को होंडा ट्रेडिंग कॉर्पोरेशन इंडिया के प्रेसिडेंट और वरिष्ठ अधिकारियों की कोयंबटूर स्थित Buyofuel मुख्यालय की यात्रा के दौरान औपचारिक रूप दिया गया। इस दौरान Honda Trading की टीम ने Buyofuel के सप्लायर नेटवर्क और जमीनी स्तर पर चल रहे संचालन का भी जायजा लिया।
बायोफ्यूल (Buyofuel) के फाउंडर और सीईओ किशन करुणाकरण ने कहा कि होंडा ट्रेडिंग जैसे वैश्विक समूह के साथ साझेदारी कंपनी के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस सहयोग से Honda Trading की ट्रेडिंग क्षमता और वित्तीय मजबूती को बायोफ्यूल (Buyofuel) के टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म तथा सप्लायर नेटवर्क के साथ जोड़ा जाएगा। इससे दोनों कंपनियां मिलकर बड़े स्तर की ऐसी मांगों को पूरा कर सकेंगी, जिन्हें अकेले पूरा करना मुश्किल हो सकता है।
बायोफ्यूल (Buyofuel) के को-फाउंडर सुमंत कुमार ने कहा कि भारत के ऊर्जा परिवर्तन में सप्लाई चेन की महत्वपूर्ण भूमिका है। उनके अनुसार, बाजार में बायोफ्यूल की मांग और नीतिगत समर्थन मौजूद हैं, लेकिन बड़े औद्योगिक उपभोक्ताओं के लिए भरोसेमंद सप्लाई उपलब्ध कराना एक बड़ी चुनौती रही है। उन्होंने बताया कि बायोफ्यूल (Buyofuel) पिछले छह वर्षों से अपने सप्लायर नेटवर्क और विश्वसनीय आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने पर काम कर रही है।
होंडा ट्रेडिंग कॉर्पोरेशन इंडिया के प्रेसिडेंट जोजी मुराकामी ने कहा कि स्वच्छ औद्योगिक भविष्य के लिए बायोफ्यूल महत्वपूर्ण हैं और भारत इस क्षेत्र के प्रमुख बाजारों में से एक है। उन्होंने Buyofuel के अनुभव, मजबूत सप्लायर नेटवर्क और पारदर्शी कार्यप्रणाली को साझेदारी का प्रमुख आधार बताया।
होंडा ट्रेडिंग के लिए यह साझेदारी पारंपरिक ऑटोमोटिव वैल्यू चेन से आगे बढ़कर भारत की तेजी से विकसित हो रही बायोफ्यूल अर्थव्यवस्था में विस्तार का अवसर है। वहीं, बायोफ्यूल (Buyofuel) को जापान की प्रमुख ट्रेडिंग कंपनी की वित्तीय क्षमता और वैश्विक व्यापारिक अनुभव का लाभ मिलेगा। कंपनी का मार्केटप्लेस पहले से ही हजारों सत्यापित खरीदारों और विक्रेताओं को जोड़ता है तथा कृषि और जैविक कचरे को औद्योगिक उपयोग के लिए ईंधन में बदलने की प्रक्रिया को बढ़ावा देता है।