चीन की दिग्गज ऑटोमोबाइल कंपनी चेरी (Chery) के प्रीमियम ब्रांड Exeed की ET8 REEV (Range Extended Electric Vehicle) का भारत में पेटेंट सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह भारत में पेटेंट होने वाली कंपनी की दूसरी रेंज एक्सटेंडर इलेक्ट्रिक व्हीकल हो सकती है। इससे पहले Exeed EX7 REEV का पेटेंट भी सामने आया था। हालांकि, पेटेंट होने का मतलब यह नहीं है कि मॉडल की भारत में लॉन्चिंग तय हो गई है।
Exeed ET8 का डिजाइन बॉक्सी और प्रीमियम है और इसकी डिजाइन लैंग्वेज कंपनी की पूरी तरह इलेक्ट्रिक ET9 से मिलती-जुलती है। ET8 और ET9 को 22 दिसंबर 2025 को चीन में आयोजित Exeed Brand Day पर पेश किया गया था। ET8 में रियर डोर के लिए खास रियर-हिंज सेटअप भी दिया गया है। भारत में पेटेंट होने से संकेत मिलता है कि कंपनी इस मॉडल को भारतीय बाजार के लिए संभावित विकल्प के तौर पर देख रही है।
पावरट्रेन की बात करें तो Exeed ET8 REEV में करीब 40kWh की LFP बैटरी मिलने की उम्मीद है। इसके साथ 1.5-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन और एक जनरेटर मोटर दी जा सकती है। REEV तकनीक में पेट्रोल इंजन सीधे पहियों को पावर नहीं देता, बल्कि बैटरी को चार्ज करने के लिए जनरेटर की तरह काम करता है। इसके बाद वाहन के पहियों को इलेक्ट्रिक मोटर चलाती है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, Exeed ET8 REEV की ऑल-इलेक्ट्रिक रेंज करीब 200km हो सकती है। वहीं, फुल टैंक और फुल चार्ज के साथ इसकी संयुक्त रेंज 1,300km से ज्यादा होने की उम्मीद है। चीन में Exeed के मौजूदा REEV मॉडल्स में भी करीब 200km की इलेक्ट्रिक रेंज और 1,300km से ज्यादा की संयुक्त रेंज वाले विकल्प उपलब्ध हैं।
भारत में Chery की एंट्री JSW Motors के साथ साझेदारी के जरिए होने की उम्मीद है। कंपनी के कई सब-ब्रांड मॉडल्स के पेटेंट और टेस्टिंग से संकेत मिल रहे हैं कि भारत के लिए इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड वाहनों की एक व्यापक रेंज तैयार की जा रही है। हालांकि, Exeed ET8 REEV की भारत में लॉन्च टाइमलाइन अभी स्पष्ट नहीं है और मौजूदा जानकारी के आधार पर 2026 में इसकी एंट्री की संभावना कम बताई जा रही है।