टीवीएस मोटर कंपनी ने अपने Ntorq 150 Hyper Sport Scooter को पहली बार अंतरराष्ट्रीय बाजार में लॉन्च किया है। कंपनी ने 26 सितंबर 2026 को नेपाल में इस स्कूटर को NPR 3,69,900 की शुरुआती कीमत पर पेश किया। नेपाल में इसकी बिक्री TVS के एकमात्र अधिकृत वितरक जगदंबा मोटर्स के जरिए की जाएगी।
नेपाल-स्पेक Ntorq 150 में भारत में लॉन्च किए गए मॉडल जैसा ही मैकेनिकल पैकेज दिया गया है। इसमें 149.7cc एयर-कूल्ड, सिंगल-सिलेंडर O3CTech इंजन मिलता है, जो 7,000rpm पर 13.2PS की पावर और 5,500rpm पर 14.2Nm का टॉर्क जनरेट करता है। कंपनी के मुताबिक, स्कूटर 0-60kmph की रफ्तार 6.3 सेकंड में पकड़ सकता है और इसकी टॉप स्पीड 104kmph है।
फीचर्स की बात करें तो Ntorq 150 में सिंगल-चैनल ABS और ट्रैक्शन कंट्रोल जैसे सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं। इसके अलावा इसमें हैजर्ड लैंप, फॉलो-मी हेडलैंप, टेलीस्कोपिक फ्रंट सस्पेंशन, एडजस्टेबल ब्रेक लीवर और पेटेंटेड E-Z सेंटर स्टैंड मिलता है। स्कूटर में 22 लीटर का अंडर-सीट स्टोरेज भी दिया गया है। TVS के मुताबिक, इसमें 50 से ज्यादा कनेक्टेड फीचर्स हैं, जिनमें टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन और स्विचेबल राइड मोड शामिल हैं।
नेपाल में Ntorq 150 को Stealth Silver, Racing Red और Turbo Blue तीन कलर ऑप्शन में पेश किया गया है। इस लॉन्च के साथ कंपनी ने नेपाल में Ntorq ब्रांड की प्रीमियम पोजिशनिंग को और ऊपर किया है। इससे पहले नेपाल में Ntorq 125 रेंज की कीमत करीब NPR 3,34,900 तक जाती थी, जबकि Ntorq 150 की कीमत इससे लगभग NPR 35,000 अधिक है। इसके साथ ही नए मॉडल में ABS और ट्रैक्शन कंट्रोल जैसे फीचर्स भी जोड़े गए हैं।
एनटॉर्क (Ntorq) 150 को भारत में करीब एक साल पहले ₹1.19 लाख (Standard) और ₹1.29 लाख (TFT) की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत पर लॉन्च किया गया था। भारत में इसका मुकाबला Yamaha Aerox 155, Hero Xoom 160 और Aprilia SR 175 जैसे परफॉर्मेंस स्कूटर्स से होता है। टीवीएस मोटर कंपनी के प्रेसिडेंट- इंटरनेशनल बिजनेस पेमैन कारगर ने नेपाल को कंपनी के लिए एक महत्वपूर्ण बाजार बताया और कहा कि यहां का युवा राइडर बेस एनटॉर्क 150 जैसे मॉडल के लिए उपयुक्त है। नेपाल में लॉन्च के साथ टीवीएस (TVS) ने Ntorq 150 की प्रीमियम पहुंच को भारत के बाहर भी विस्तार दिया है।