इंजीनियरिंग मैटिरियल्स कंपनी एनवालियर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (Envalior India Pvt. Ltd) ने घोषणा की है कि वह 5 अगस्त को पुणे में अपने कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) कार्यक्रम के तहत इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) का उद्घाटन करेगी। इस पहल का उद्देश्य भारत में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी क्षेत्र के लिए कुशल मानव संसाधन तैयार करना और स्किल डेवलपमेंट को बढ़ावा देना है।
यह सेंटर पिंपरी-चिंचवड़ स्थित मराठवाड़ा मित्र मंडल पॉलिटेक्निक में स्थापित किया गया है और इसका संचालन BroadArks Foundation द्वारा किया जाएगा। कंपनी के अनुसार, यह सेंटर उद्योग की जरूरतों के अनुरूप इलेक्ट्रिक वाहन तकनीकों में प्रशिक्षण प्रदान करेगा।
एनवालियर (Envalior) ने बताया कि सेंटर में हर वर्ष करीब 250 विद्यार्थियों को Level 4 Certificate in EV Service, Safety & Maintenance और Level 5 Advanced Certificate in EV Diagnostics & Systems के तहत प्रशिक्षण दिया जाएगा। ये कार्यक्रम नेशनल स्किल्स क्वालिफिकेशन फ्रेमवर्क (NSQF) के अनुरूप हैं और इन्हें CII का इंडस्ट्री सर्टिफिकेशन भी प्राप्त होगा।
इन पाठ्यक्रमों में ITI और पॉलिटेक्निक के मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, मेकाट्रॉनिक्स, कंप्यूटर साइंस और संबंधित विषयों के छात्रों को शामिल किया जाएगा। प्रशिक्षण में क्लासरूम शिक्षा के साथ-साथ EV आर्किटेक्चर, बैटरी सिस्टम, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर, डायग्नोस्टिक्स, वर्कशॉप सेफ्टी और मेंटेनेंस पर व्यावहारिक लैब प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
एनवालियर (Envalior) के बिजनेस डायरेक्टर (दक्षिण एशिया, मध्य पूर्व और अफ्रीका) निलेश कुमार कुकल्येकर ने कहा कि यह सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भारत के इलेक्ट्रिक मोबिलिटी परिवर्तन को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि यह केंद्र आधुनिक लैब इंफ्रास्ट्रक्चर, ट्रेनर डेवलपमेंट और उद्योग-अकादमिक सहयोग को मजबूत करते हुए ईवी शिक्षा के लिए लोंगटर्म के रूप में कार्य करेगा।