बैटरी स्वैपिंग सॉल्यूशन प्रोवाइडर इंडोफास्ट एनर्जी ने ईवी चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी ज़ियोन चार्जिंग (Zeon Charging) के साथ दक्षिण भारत में अपने बैटरी स्वैपिंग नेटवर्क के विस्तार के लिए साझेदारी की है। इस पहल की शुरुआत बेंगलुरु से की गई है, जहां प्रीमियम कमर्शियल लोकेशनों पर बैटरी स्वैपिंग स्टेशन स्थापित किए जा रहे हैं।
इस साझेदारी के तहत इंडोफास्ट एनर्जी, ज़ियोन चार्जिंग के प्रीमियम मॉल, मेट्रो पार्किंग सुविधाओं और कमर्शियल हब में अपने Quick Interchange Stations (QIS) लगाएगी। यह नेटवर्क बेंगलुरु के अलावा हैदराबाद, चेन्नई और दक्षिण भारत के अन्य प्रमुख शहरों तक विस्तारित किया जाएगा। इसका उद्देश्य विशेष रूप से कमर्शियल ईवी उपयोगकर्ताओं और डिलीवरी राइडर्स के लिए बैटरी स्वैपिंग को अधिक सुलभ बनाना है।
नेटवर्क विस्तार की शुरुआत बेंगलुरु के Orion Mall, राजाजीनगर सहित दो स्थानों पर छह QIS यूनिट्स के साथ की गई है। अगले चरण में Orion Mall में पांच से छह अतिरिक्त स्टेशन स्थापित करने की योजना पर भी काम चल रहा है। कंपनियों के अनुसार, ऐसे स्थानों को प्राथमिकता दी जा रही है जहां पहले से बिजली की बेहतर उपलब्धता और वाहनों की आवाजाही अधिक है।
इंडोफास्ट एनर्जी वर्तमान में बेंगलुरु में 450 से ज्यादा बैटरी स्वैपिंग स्टेशन संचालित कर रही है। वहीं, देशभर के 24 शहरों में कंपनी का नेटवर्क 1,900 से अधिक स्वैप स्टेशनों तक पहुंच चुका है, जो 1.20 लाख से अधिक इलेक्ट्रिक वाहनों को सेवा प्रदान कर रहा है।
इंडोफास्ट एनर्जी के अंतरिम सीईओ सुभाष भट्ट ने कहा कि ज़ियोन चार्जिंग के साथ यह साझेदारी दक्षिण भारत के प्रमुख और आसानी से पहुंच वाले स्थानों पर बैटरी स्वैपिंग सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद करेगी। उन्होंने कहा कि इससे कमर्शियल ईवी फ्लीट और डिलीवरी पार्टनर्स को तेज, सुविधाजनक और विश्वसनीय बैटरी स्वैपिंग समाधान मिलेगा, जिससे इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को और बढ़ावा मिलेगा।