Google ने अपने TorchTPU को ओपन-सोर्स प्रोजेक्ट के रूप में जारी किया है। इसके साथ ही कंपनी ने AI डेवलपमेंट में Nvidia के दबदबे को कम करने की कोशिशों में Amazon का साथ दिया है। बता दें कि PyTorch एक लोकप्रिय ओपन-सोर्स टूलकिट है, जिसका इस्तेमाल AI मॉडल बनाने, उन्हें ट्रेन करने और चलाने के लिए किया जाता है। कुछ अनुमानों के अनुसार, लगभग 85% AI ऐप्स में इसका इस्तेमाल होता है।
Meta ने 2016 में PyTorch को विकसित किया था और 2022 में इसे Linux Foundation को सौंप दिया। इसके कई फीचर्स Nvidia के GPU पर काम करने के लिए बनाए गए थे।
Google ने डेवलपर्स के लिए लॉन्च किए नए टूल्स
Google ने बताया कि उसने Meta, Hugging Face, Inferact (vLLM बनाने वाली कंपनी) और RadixArk (SGLang बनाने वाली कंपनी) के साथ मिलकर TorchTPU को लोकप्रिय AI डेवलपमेंट टूल्स के साथ बेहतर तरीके से काम करने के लिए तैयार किया है।
कंपनी ने डेवलपर्स की मदद के लिए TPU एजेंट सूट भी लॉन्च किया है। यह टूल AI ऐप्स को TPU पर शिफ्ट करने और इस प्रक्रिया में आने वाली तकनीकी गलतियों को ठीक करने में मदद करेगा। इसके अलावा, Google ने अपने LiteRT टूल को भी अपडेट किया है। LiteRT का इस्तेमाल फोन, लैपटॉप और एम्बेडेड डिवाइस पर AI चलाने के लिए किया जाता है। नए अपडेट से यह PyTorch ऐप्स के साथ बेहतर तरीके से काम कर सकेगा।
Amazon ने भी लॉन्च किया TorchNeuron
Amazon ने सोमवार को इसी तरह का कदम उठाते हुए TorchNeuron लॉन्च किया था। यह टूल AI ऐप्स को बिना दोबारा कोड लिखे Amazon की Trainium चिप और AWS पर चलाने में मदद करता है। Amazon PyTorch के मुख्य प्रोजेक्ट में भी कोड जोड़ने की कोशिश कर रहा है, ताकि इसके फीचर्स को Nvidia की चिप्स पर निर्भर रहने से अलग किया जा सके।
हालांकि, इन टूल्स के लॉन्च होने का यह मतलब नहीं है कि डेवलपर्स बड़ी संख्या में Nvidia के हार्डवेयर का इस्तेमाल बंद कर देंगे। लेकिन Google और Amazon दोनों AI डेवलपमेंट के क्षेत्र में Nvidia की बढ़त को कम करने की दिशा में काम कर रहे हैं।