फिजिकल एआई रिसर्च और डिप्लॉयमेंट कंपनी Humyn Labs ने सीरीज A फंडिंग राउंड में 47 मिलियन डॉलर जुटाए हैं। इसमें 26 मिलियन डॉलर की इक्विटी फंडिंग शामिल है, जिसका नेतृत्व Accel ने किया। वहीं, 21 मिलियन डॉलर की वेंचर डेट फंडिंग का नेतृत्व Lighthouse Canton ने किया, जिसमें Trifecta Capital ने भी हिस्सा लिया।
इस इक्विटी फंडिंग में Prosus Ventures, BeeGlobal, Finserv Intelligence (Bajaj Finance के माध्यम से), Bajaj Alts AI Opportunities Fund, Dallas Venture Capital, Lighthouse Canton, Jump Trading और Epic की पूर्व सीएफओ एवं एंजेल निवेशक Anita Pramoda ने निवेश किया है।
फैक्ट्री से लेकर घरों तक के काम का डेटा तैयार करती है कंपनी
Humyn Labs की स्थापना 2026 में Manish Agarwal और Ishank Gupta ने की थी। कंपनी फैक्ट्रियों, गोदामों, खेतों और घरों में लोगों के वास्तविक काम करने के तरीकों को अपने खास कैप्चर डिवाइस के जरिए रिकॉर्ड करती है। इसके बाद इस डेटा को लेबल किए गए ट्रेनिंग डेटासेट में बदला जाता है। इसमें देखने, सुनने, शरीर की गतिविधियों और स्पर्श से जुड़ा डेटा शामिल होता है।
कंपनी के मुताबिक, ऑपरेशन शुरू होने के छह महीने के भीतर उसने 50 मिलियन डॉलर से अधिक का सालाना अनुमानित रेवेन्यू हासिल कर लिया है।
भारत समेत तीन देशों में विस्तार की तैयारी
कंपनी इस फंडिंग का इस्तेमाल भारत, ब्राजील और दक्षिण कोरिया में डिप्लॉयमेंट से जुड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने के लिए करेगी। इसके अलावा, कैप्चर हार्डवेयर और डेटा एनरिचमेंट इंजन को मजबूत किया जाएगा। कंपनी सैन फ्रांसिस्को, लंदन और सियोल में अपने ऑफिस भी स्थापित करेगी।
Humyn Labs के को-फाउंडर मनीष अग्रवाल ने कहा, “डेटा इंफ्रास्ट्रक्चर में 10 बिलियन डॉलर का अवसर उभर रहा है। हमारा लक्ष्य सालाना 1 बिलियन डॉलर रेवेन्यू वाला कारोबार खड़ा करना है।”
Accel के पार्टनर प्रतीक अग्रवाल ने कहा, “फिजिकल एआई अगले दशक में टेक्नोलॉजी के सबसे बड़े बदलावों में से एक होगा। इस क्षेत्र में डेटा और डिप्लॉयमेंट ही ऐसी मजबूत क्षमता बनेंगे, जो कंपनियों को प्रतिस्पर्धा में आगे रखेगी।”