एंटरप्राइज मैनेज्ड वर्कस्पेस उपलब्ध कराने वाली कंपनी रेडब्रिक ऑफिसेज लिमिटेड ने सीरीज ए और सीरीज ए1 इक्विटी फंडिंग राउंड के जरिए करीब 72 मिलियन डॉलर (630 करोड़ रुपये) जुटाए हैं। इस फंडिंग में अधिकांश राशि नए निवेश के रूप में मिली है, जबकि इसका एक छोटा हिस्सा मौजूदा शेयरों की खरीद-बिक्री से जुड़ा है। मार्च 2026 में इंडिया एसएमई इन्वेस्टमेंट्स ने सीरीज ए राउंड का नेतृत्व किया था, जबकि अबक्कस के फोरटूएट ऑपर्च्युनिटीज फंड ने सीरीज ए1 राउंड का नेतृत्व किया।
इस विस्तारित फंडिंग राउंड में इवोल्वेंस इक्विटी पार्टनर्स, आईआईएफएल कैपिटल एसेट मैनेजमेंट, यूटीआई अल्टरनेटिव्स और अन्य निवेशकों ने भी हिस्सा लिया। इंडिया एसएमई इन्वेस्टमेंट्स ने भी दोबारा निवेश किया। इससे पहले मार्च 2025 में यूटीआई अल्टरनेटिव्स ने स्ट्रक्चर्ड कन्वर्टिबल डिबेंचर के जरिए कंपनी में निवेश किया था।
1 करोड़ वर्ग फुट से अधिक ऑफिस स्पेस बढ़ाने की योजना
कंपनी अगले 18 से 24 महीनों में अपने मैनेज्ड ऑफिस स्पेस को मौजूदा करीब 65 लाख वर्ग फुट से बढ़ाकर 1 करोड़ वर्ग फुट से अधिक करने की योजना बना रही है। इस विस्तार के जरिए कंपनी बड़े एंटरप्राइज ग्राहकों और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स (जीसीसी) की बढ़ती जरूरतों को पूरा करना चाहती है।
इसके अलावा, कंपनी टेक्नोलॉजी, ऑफिस डिजाइन और सर्विस डिलीवरी को बेहतर बनाने में भी निवेश करेगी। रेडब्रिक ऑफिसेज रणनीतिक साझेदारियों और दूसरी कंपनियों के अधिग्रहण के विकल्पों पर भी विचार कर रही है।
यह फंडिंग ऐसे समय में आई है, जब भारत का फ्लेक्सिबल ऑफिस स्पेस बाजार 10 करोड़ वर्ग फुट के आंकड़े को पार कर चुका है। इस बाजार की वृद्धि में बड़ी कंपनियों और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स (जीसीसी) की बढ़ती मांग अहम भूमिका निभा रही है।
कंपनी नेतृत्व ने निवेश को बताया अहम उपलब्धि
रेडब्रिक ऑफिसेज के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर आयुष गोयनका (Ayush Goenka) ने कहा, "यह निवेश हमारी कारोबारी यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।"
इंडिया SME इन्वेस्टमेंट्स के फाउंडर और मैनेजिंग पार्टनर मितिन जैन (Mitin Jain) ने कहा, "मार्च 2026 में वैश्विक स्तर पर अनिश्चितताओं के चरम के दौरान रेडब्रिक में निवेश करने का हमारा फैसला आयुष और उनकी मैनेजमेंट टीम पर भरोसे पर आधारित था। टीम ने बिना बाहरी फंडिंग पर अधिक निर्भर हुए एक बड़े कारोबार का निर्माण किया है। साथ ही, कंपनी ने लाभदायक विकास पर स्पष्ट रूप से ध्यान केंद्रित किया है।"