IIT रुड़की ने शुरू किए EV टेक्नोलॉजी कोर्स

IIT रुड़की ने शुरू किए EV टेक्नोलॉजी कोर्स

IIT रुड़की ने शुरू किए EV टेक्नोलॉजी कोर्स
आईआईटी  रुड़की की E&ICT अकादमी ने स्काईस्किल अकादमी के साथ मिलकर इलेक्ट्रिक व्हीकल टेक्नोलॉजी में सर्टिफिकेशन कोर्स शुरू करने की घोषणा की है।

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की (IIT Roorkee) की इलेक्ट्रॉनिक्स एवं ICT अकादमी (E&ICT Academy) ने ईवी टेक्नोलॉजी में सर्टिफिकेशन कोर्स शुरू करने के लिए स्काईस्किल अकादमी (SkyySkill Academy) के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। 20 मई 2026 को रुड़की, उत्तराखंड से की गई इस घोषणा को भारत में तेजी से बढ़ते इलेक्ट्रिक मोबिलिटी सेक्टर के लिए संगठित स्किल डेवलपमेंट की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

यह कोर्स इंजीनियरिंग ग्रेजुएट्स, डिप्लोमा होल्डर्स और कामकाजी प्रोफेशनल्स को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसके कोर्स में ईवी आर्किटेक्चर, बैटरी टेक्नोलॉजी एवं बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम, इलेक्ट्रिक मोटर्स, पावर इलेक्ट्रॉनिक्स, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर, डायग्नोस्टिक्स, सेफ्टी सिस्टम्स और वाहन ऊर्जा अनुकूलन जैसे तकनीकी विषय शामिल हैं। संस्थानों के अनुसार, यह कार्यक्रम थ्योरी और प्रैक्टिकल ट्रेनिंग के संतुलन पर आधारित होगा।

कोर्स में लाइव ऑनलाइन क्लासेस, प्रैक्टिकल लैब एक्सपोजर, असाइनमेंट्स और वास्तविक ईवी  परिस्थितियों पर आधारित कैपस्टोन प्रोजेक्ट शामिल किए जाएंगे। प्रत्येक प्रतिभागी को एक कैपस्टोन प्रोजेक्ट पूरा करना होगा, जिससे उनकी तकनीकी समझ और समस्या समाधान क्षमता का आकलन किया जा सके। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को ईवी मैन्युफैक्चरिंग, रिसर्च एंड डेवलपमेंट तथा सर्विस ऑपरेशंस जैसे क्षेत्रों में रोजगार के लिए तैयार करना है। सफल प्रतिभागियों को E&ICT Academy, IIT Roorkee की ओर से प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा।

ई एंड आईसीटी अकादमी, आईआईटी रुड़की (E&ICT Academy, IIT Roorkee) के मुख्य अन्वेषक प्रो. संजीव मनहास ने कहा कि यह सहयोग उद्योग और शिक्षा जगत के बीच संबंधों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के तेजी से विस्तार के लिए तकनीकी ज्ञान और व्यावहारिक कौशल वाले प्रशिक्षित मानव संसाधन की आवश्यकता है।

स्काईस्किल अकादमी के सीईओ हिमांशु शेखर पांडा ने कहा कि इलेक्ट्रिक मोबिलिटी ऑटोमोबाइल सेक्टर को तेजी से बदल रही है और उद्योग की जरूरतों को पूरा करने के लिए प्रैक्टिकल आधारित प्रशिक्षण बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि यह साझेदारी युवाओं को ईवी इंडस्ट्री में करियर के लिए तैयार करने में मदद करेगी।

यह सहयोग ऐसे समय में हुआ है जब भारत का इलेक्ट्रिक वाहन बाजार तेजी से विस्तार कर रहा है। सरकारी नीतियों, बढ़ती ईंधन कीमतों और इलेक्ट्रिक दोपहिया, तिपहिया, यात्री एवं वाणिज्यिक वाहनों की बढ़ती मांग ने EV सेक्टर को नई गति दी है। हालांकि, उद्योग लंबे समय से बैटरी सिस्टम, पावर इलेक्ट्रॉनिक्स और ईवी सर्विसिंग जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षित तकनीकी पेशेवरों की कमी की ओर इशारा करता रहा है।

ई एंड आईसीटी अकादमी, आईआईटी रुड़की (E&ICT Academy), भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) द्वारा समर्थित पहल है, जिसका उद्देश्य इलेक्ट्रॉनिक्स, आईसीटी (ICT) और उभरती तकनीकों में स्किल डेवलपमेंट और एडवांस ट्रेनिंग को बढ़ावा देना है। वहीं, स्काईस्किल अकादमी पहले भी ईवी टेक्नोलॉजी, ड्रोन टेक्नोलॉजी और अन्य एडवांस इंजीनियरिंग क्षेत्रों में प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित कर चुकी है। वर्ष 1847 में स्थापित IIT रुड़की भारत के सबसे पुराने तकनीकी संस्थानों में से एक है और इसे राष्ट्रीय महत्व के संस्थान का दर्जा प्राप्त है।

Subscribe Newsletter
Submit your email address to receive the latest updates on news & host of opportunities