नई जिम्मेदारी में जेसामिन Growth and Marketing टीम का हिस्सा होंगी। वह भारत में IKEA की मार्केटिंग रणनीति तय करने, ब्रांड की पहचान को मजबूत करने और देशभर में कंपनी की फिजिकल तथा डिजिटल मौजूदगी को बेहतर बनाने का काम करेंगी।
जेसामिन के पास मार्केटिंग और ब्रांड निर्माण का दो दशक से अधिक का अनुभव है। इनमें से 12 वर्ष उन्होंने IKEA में विभिन्न वैश्विक और स्थानीय भूमिकाओं में बिताए हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में नेतृत्व संबंधी जिम्मेदारियां निभाई हैं और स्वीडन के माल्मो स्थित IKEA की वैश्विक मार्केटिंग टीम के साथ भी काम किया है। वहां उन्होंने ब्रांड और मार्केटिंग में बदलाव से जुड़ी कई महत्वपूर्ण पहलों में योगदान दिया, जिनका उद्देश्य ग्राहकों से बेहतर जुड़ाव और कंपनी की दीर्घकालिक वृद्धि को समर्थन देना था। उनके पास वैश्विक ब्रांड रणनीति का व्यापक अनुभव है और स्थानीय बाजारों की जरूरतों के अनुसार उसे प्रभावी ढंग से लागू करने की गहरी समझ भी है।
भारत में जेसामिन ग्राहकों के साथ मजबूत जुड़ाव बनाने और विभिन्न प्लेटफॉर्म पर IKEA के ब्रांड अनुभव को और बेहतर बनाने पर ध्यान देंगी। इससे ग्राहकों को सभी चैनलों पर एक समान और बेहतर अनुभव मिलेगा। भारत में कारोबार शुरू करने के बाद से IKEA ने स्थानीय जरूरतों के अनुरूप कहानी कहने (Storytelling), आकर्षक रिटेल अनुभव और डिजिटल-फर्स्ट रणनीति के जरिए ग्राहकों के बीच मजबूत पहचान बनाई है। घर और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर आधारित कंपनी की मार्केटिंग रणनीति ने IKEA को केवल एक ब्रांड तक सीमित नहीं रखा, बल्कि शहरी भारत में लोगों की बातचीत और पसंद का हिस्सा भी बना दिया है। इससे विभिन्न चैनलों पर कंपनी की पहुंच और ग्राहक आधार लगातार बढ़ा है।
अपनी नियुक्ति पर जेसामिन एविला ने कहा, "मैं IKEA इंडिया की टीम और हमारे एजेंसी पार्टनर्स के साथ मिलकर ऐसे प्रभावी संचार पर काम करने के लिए उत्साहित हूं, जो स्थानीय जरूरतों के अनुरूप हो और IKEA को लोगों के रोजमर्रा के घरेलू जीवन से और अधिक करीब जोड़ सके।"