ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म Jefferies ने अपने Asia-Pacific ex-Japan रिलेटिव रिटर्न पोर्टफोलियो में भारत का सुझाया गया निवेश हिस्सा 2 प्रतिशत अंक बढ़ाकर 14% कर दिया है। वहीं, दक्षिण कोरिया और ताइवान का वेटेज 1-1 प्रतिशत अंक घटाया गया है। यह जानकारी ब्रोकरेज फर्म के ग्लोबल हेड ऑफ इक्विटी स्ट्रैटेजी क्रिस्टोफर वुड की रिपोर्ट में दी गई है।
भारत का बेंचमार्क वेटेज 12% है। ऐसे में अब भारत का ओवरवेट 2 प्रतिशत अंक हो गया है। दूसरी ओर, दक्षिण कोरिया का वेटेज घटकर 18% और ताइवान का 24% रह गया है। इस बदलाव के बाद दक्षिण कोरिया अपने बेंचमार्क से 1 प्रतिशत अंक और ताइवान 2.8 प्रतिशत अंक नीचे आ गया है।
AI निवेश में तेजी का दौर चरम पर पहुंचने की आशंका
क्रिस्टोफर वुड के अनुसार, वैश्विक स्तर पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) में पूंजीगत खर्च (Capital Expenditure) का दौर अपने चरम पर पहुंचने के करीब हो सकता है। हालांकि, कंपनियों की निवेश योजनाएं अभी भी बड़ी हैं, लेकिन वित्तीय बाजार AI में निवेश के अगले चरण के लिए फंडिंग को लेकर अधिक सतर्क हो रहे हैं।
दक्षिण कोरिया और ताइवान का शेयर बाजार मेमोरी चिप्स, सेमीकंडक्टर फाउंड्री और सेमीकंडक्टर उपकरणों से काफी हद तक जुड़ा हुआ है। ऐसे में AI निवेश की रफ्तार धीमी होने की आशंका इन दोनों बाजारों पर असर डाल सकती है।
पहले बढ़ाया था दक्षिण कोरिया और ताइवान का वेटे
Jefferies का यह फैसला 2026 की शुरुआत में अपनाए गए उसके रुख से अलग है। उस समय AI हार्डवेयर कंपनियों के शेयरों में तेजी के चलते ब्रोकरेज ने दक्षिण कोरिया और ताइवान दोनों का निवेश हिस्सा बढ़ाया था। अब AI में पूंजीगत खर्च को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच उसने अपनी रणनीति में बदलाव किया है।
रिपोर्ट के अनुसार, Microsoft, Amazon, Alphabet और Meta के 2027 के कुल पूंजीगत खर्च को लेकर बाजार के अनुमानों का आंकड़ा लगभग 1.04 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर है। इसके साथ ही इन कंपनियों के लिए क्रेडिट स्प्रेड और क्रेडिट डिफॉल्ट स्वैप (CDS) स्प्रेड में भी बढ़ोतरी देखी गई है, जो निवेशकों की बढ़ती सतर्कता को दर्शाती है
रिपोर्ट के मुताबिक, मेमोरी से जुड़े शेयर जून के अंत में अपने उच्चतम स्तर पर पहुंचने के बाद से लगभग 40% नीचे आ चुके हैं। वहीं, China AI Semiconductor Top 10 Index भी साल के मध्य में बने अपने उच्चतम स्तर से लगभग आधा रह गया है।
घरेलू खपत और इंफ्रास्ट्रक्चर से भारत को मिला फायदा
Jefferies के अनुसार, भारत की अर्थव्यवस्था में घरेलू खपत और इंफ्रास्ट्रक्चर की महत्वपूर्ण भूमिका है। ये दोनों क्षेत्र टेक्नोलॉजी निवेश के वैश्विक उतार-चढ़ाव पर अपेक्षाकृत कम निर्भर हैं। इसी वजह से भारत का बाजार निवेश पोर्टफोलियो में विविधता लाने के लिए बेहतर विकल्प बन सकता है। AI निवेश चक्र को लेकर बढ़ती अनिश्चितता के बीच Jefferies ने भारत को दक्षिण कोरिया और ताइवान की तुलना में अधिक प्राथमिकता दी है।