ट्रैवल टेक्नोलॉजी कंपनी MakeMyTrip ने बेंगलुरु में स्थित साझा मोबिलिटी प्लेटफॉर्म Quick Ride में बहुमत हिस्सेदारी का अधिग्रहण किया है। इस अधिग्रहण के साथ कंपनी ने राइड पूलिंग सेगमेंट में प्रवेश किया है। यह कारोबार MakeMyTrip की ग्राउंड ट्रांसपोर्ट यूनिट के तहत संचालित किया जाएगा। हालांकि, इस सौदे की वित्तीय जानकारी का खुलासा नहीं किया गया है।
Quick Ride एक एसेट-लाइट प्लेटफॉर्म है, जो एक ही रूट पर यात्रा करने वाले लोगों को आपस में जोड़ता है। इसका उद्देश्य लोगों को रोजाना आने-जाने के लिए किफायती साझा यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराना है।
Quick Ride के फाउंडर और सीईओ केएनएम राव ने कहा, "MakeMyTrip ग्रुप का हिस्सा बनना हमारी टीम और उन यूजर्स के समुदाय के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जिन्होंने हम पर भरोसा जताया है।"
Quick Ride के कारोबार का किया गया पुनर्गठन
इस अधिग्रहण के तहत Quick Ride के ब्रांड और राइड पूलिंग कारोबार को एक नई कंपनी Co Ride Mobility Private Limited के तहत पुनर्गठित किया गया है। इसमें MakeMyTrip की बहुमत हिस्सेदारी होगी, जबकि कंपनी के मौजूदा प्रमोटर कारोबार का नेतृत्व जारी रखेंगे। वहीं, Quick Ride का पहले से संचालित इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) टैक्सी कारोबार पुरानी कंपनी iDisha Info Labs Private Limited के पास ही रहेगा।
Quick Ride को MakeMyTrip के ग्राउंड ट्रांसपोर्ट कारोबार के तहत शामिल किया जाएगा। इस कारोबार का नेतृत्व Prakash Sangam करेंगे, जो redBus के सीईओ और MakeMyTrip के ग्राउंड ट्रांसपोर्ट बिजनेस के प्रमुख हैं।
अधिग्रहण के जरिए कारोबार का विस्तार कर रही है MakeMyTrip
पिछले कुछ वर्षों में MakeMyTrip ने अधिग्रहण के जरिए अपने कारोबार का विस्तार किया है। कंपनी ने कार रेंटल सेगमेंट में Savaari, कॉर्पोरेट ट्रैवल और एक्सपेंस मैनेजमेंट में Happay और ग्रुप हॉलिडे पैकेज के क्षेत्र में Flamingo Transworld का अधिग्रहण किया है। इसके अलावा, कंपनी ने वीजा प्रोसेसिंग प्लेटफॉर्म Atlys में अल्पमत हिस्सेदारी भी खरीदी है।
MakeMyTrip के, को-फाउंडर और ग्रुप सीईओ राजेश मागो ने कहा, "राइड पूलिंग के जरिए हमें शहरों के भीतर रोजाना होने वाले आवागमन के साथ-साथ इंटरसिटी ट्रैवल सेगमेंट में भी अपनी मौजूदगी बढ़ाने का अवसर मिलेगा।"