रेमंड लाइफस्टाइल लिमिटेड ने 5 मार्च 2026 से प्रभावी रूप से कल्पना सिंह को अपना नया चीफ मार्केटिंग ऑफिसर (CMO) नियुक्त किया है। इस पद पर वह सीधे कंपनी के सीईओ को रिपोर्ट करेंगी और सीनियर मैनेजमेंट टीम का हिस्सा बनते हुए कंपनी के फैशन और लाइफस्टाइल पोर्टफोलियो के लिए मार्केटिंग रणनीति, ब्रांड डेवलपमेंट और कस्टमर एंगेजमेंट का नेतृत्व करेंगी।
कल्पना सिंह के पास ब्रांड बिल्डिंग, कंज्यूमर इनसाइट्स और कैटेगरी स्ट्रैटेजी में दो दशक से अधिक का अनुभव है। उन्होंने लंबे समय तक हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (HUL) में काम किया है, जहां वह हाल ही में मार्केटिंग डायरेक्टर के रूप में कार्यरत थीं। इस दौरान उन्होंने कई इंटीग्रेटेड कैंपेन का नेतृत्व किया, जिनका उद्देश्य ब्रांड पोजिशनिंग को मजबूत करना और ग्राहकों के साथ गहरा जुड़ाव बनाना था।
HUL में अपने करियर के दौरान उन्होंने कई अहम नेतृत्व भूमिकाएँ निभाईं। इनमें मिडिल ईस्ट, तुर्की और नॉर्थ अफ्रीका क्षेत्र के लिए पर्सनल केयर बिजनेस ग्रुप डायरेक्टर और मिडिल ईस्ट, नॉर्थ अफ्रीका, रूस और तुर्की के लिए ब्रांड डेवलपमेंट डायरेक्टर जैसे पद शामिल हैं। कल्पना सिंह ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से समाजशास्त्र में मास्टर ऑफ आर्ट्स की डिग्री प्राप्त की है।
कंपनी में यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब रेेमंड लाइफस्टाइल को चुनौतीपूर्ण तिमाही का सामना करना पड़ा है। कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही में सालाना आधार पर 33 प्रतिशत घटकर 42.86 करोड़ रुपये रह गया, जो पिछले वर्ष इसी अवधि में 64 करोड़ रुपये था। वहीं दूसरी तिमाही के 75 करोड़ रुपये की तुलना में यह लगभग 44 प्रतिशत कम रहा।
कंपनी के अनुसार, यह गिरावट मुख्य रूप से अंतरराष्ट्रीय कारोबार, खासकर गारमेंटिंग और B2B एक्सपोर्ट सेगमेंट में आई चुनौतियों के कारण हुई है। अमेरिका में बढ़े टैरिफ के चलते ऑर्डर टल गए और मार्जिन पर दबाव बढ़ा है। ऐसे में कंपनी अब ब्रांड पोजिशनिंग, मार्केटिंग इनोवेशन और उपभोक्ताओं के साथ मजबूत जुड़ाव पर ध्यान केंद्रित कर रही है, ताकि भारतीय फैशन और लाइफस्टाइल बाजार में अपनी वृद्धि को फिर से गति दी जा सके।