किआ इंडिया ने Carens Clavis EV के पहले निजी मालिकों के लिए हाई-वोल्टेज बैटरी वारंटी को बढ़ाकर 15 साल और अनलिमिटेड किलोमीटर कर दिया है। यह नई वारंटी 1 अगस्त 2026 या उसके बाद रिटेल की गई Carens Clavis EV यूनिट्स पर लागू होगी। कंपनी का कहना है कि यह कदम इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को अधिक भरोसेमंद और ग्राहकों के लिए सुविधाजनक बनाने की दिशा में है।
नई वारंटी के तहत कमर्शियल और फ्लीट ऑपरेटरों के साथ सेकेंडरी ओनर्स को पहले की तरह 8 साल या 1,60,000 किलोमीटर, जो भी पहले हो, की स्टैंडर्ड हाई-वोल्टेज बैटरी वारंटी मिलेगी। वहीं, 1 अगस्त 2026 से पहले Carens Clavis EV खरीदने वाले मौजूदा निजी ग्राहक भी अपनी 8 साल/1,60,000 किलोमीटर की फैक्ट्री वारंटी को 15 साल/अनलिमिटेड किलोमीटर वारंटी में अपग्रेड कर सकते हैं।
इस अपग्रेड के लिए ग्राहकों को 3,400 की वन-टाइम एडमिनिस्ट्रेटिव फीस देनी होगी। हालांकि, अपग्रेड वाहन के मूल्यांकन और कंपनी की निर्धारित शर्तों के अधीन होगा। Kia ने कहा है कि नई बैटरी वारंटी उसकी मौजूदा Battery-as-a-Service (BaaS) योजना को भी सपोर्ट करेगी।
किया इंडिया के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट, सेल्स एंड मार्केटिंग अतुल सूद ने कहा कि कंपनी का फोकस इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को ग्राहकों के लिए अधिक सुलभ, भरोसेमंद और बेहतर अनुभव वाला बनाने पर है। उन्होंने कहा कि Carens Clavis EV के लिए लाइफटाइम हाई-वोल्टेज बैटरी वारंटी कंपनी की बैटरी टेक्नोलॉजी की गुणवत्ता और टिकाऊपन में उसके भरोसे को दर्शाती है।