एलएडटी (L&T) सेमीकंडक्टर टेक्नोलॉजीज़ लिमिटेड L&T Semiconductor Technologies Limited (LTSCT) और टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स (Tata Electronics) ने भारत में स्वदेशी चिप मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने के लिए रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की है। इस सहयोग का उद्देश्य ग्लोबल ग्राहकों के लिए अगली पीढ़ी के चिप प्रोडक्ट्स की डिजाइन और मैन्युफैक्चरिंग क्षमताओं को विकसित करना है। दोनों कंपनियां ऑटोमोटिव, इंडस्ट्रियल, कम्युनिकेशन, सिक्योरिटी और इंटेलिजेंट-एज जैसे सेक्टर्स पर फोकस करेंगी।
इस साझेदारी के तहत एलटीएससीटी (LTSCT) की फैबलेस चिप डिजाइन क्षमताओं को टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स (Tata Electronics) की सेमीकंडक्टर पैकेजिंग और फाउंड्री ऑपरेशंस के साथ जोड़ा जाएगा। दोनों कंपनियां टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स (Tata Electronics) की फैब प्रोसेस टेक्नोलॉजी और पैकेजिंग सॉल्यूशंस का इस्तेमाल करते हुए LTSCT के मौजूदा और भविष्य के चिप प्रोडक्ट्स के लिए फैब्रिकेशन और पैकेजिंग के अवसर तलाशेंगी।
इसके अलावा, दोनों कंपनियां डिजाइन-टू-फैब्रिकेशन ऑप्टिमाइजेशन पर भी काम करेंगी, जिससे बड़े पैमाने पर चिप्स का उत्पादन अधिक कुशलता से किया जा सके। इस सहयोग का उद्देश्य भारत में डिजाइन किए गए सेमीकंडक्टर प्रोडक्ट्स को ग्लोबल मार्केट तक पहुंचाने के लिए घरेलू मैन्युफैक्चरिंग क्षमताओं को मजबूत करना है।
यह साझेदारी भारत सरकार की सेमीकॉन 2.0 (Semicon 2.0) पहल के अनुरूप है, जिसका ध्यान देश में सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम को विकसित करने और वैल्यू एडिशन बढ़ाने पर है। इसके जरिए भारत को ग्लोबल सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री में एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
एलएडटी (L&T) सेमीकंडक्टर टेक्नोलॉजीज़ लिमिटेड (L&T Semiconductor Technologies Limited) के चीफ एग्जीक्यूटिव डॉ. संदीप कुमार ने कहा कि सेमीकंडक्टर लीडरशिप के लिए केवल नए डिजाइन विकसित करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि एडवांस्ड पैकेजिंग और मैन्युफैक्चरिंग के जरिए इन डिजाइनों को बड़े पैमाने पर उत्पादन में बदलने की क्षमता भी जरूरी है। उनके अनुसार, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स (Tata Electronics) के साथ यह साझेदारी भारत में सेमीकंडक्टर प्रोडक्ट्स को डिजाइन करने और उन्हें ग्लोबल मार्केट्स तक पहुंचाने की क्षमता को मजबूत करेगी।