माइंड स्पोर्ट्स पर केंद्रित सोशल गेमिंग प्लेटफॉर्म Matiks ने General Catalyst के नेतृत्व में आयोजित प्री-सीरीज A फंडिंग राउंड में 10 मिलियन डॉलर जुटाए हैं। इस फंडिंग राउंड में उद्यमी रोनी स्क्रूवाला (Ronnie Screwvala) के साथ कंपनी के मौजूदा निवेशकों Info Edge Ventures, Tanglin Venture Partners और Untitled Ventures ने भी हिस्सा लिया।
कंपनी इस फंड का इस्तेमाल अंतरराष्ट्रीय बाजारों में विस्तार करने, नए गेम और सोशल गेमिंग अनुभव विकसित करने तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित गेम क्रिएशन प्लेटफॉर्म लॉन्च करने के लिए करेगी। प्रस्तावित प्लेटफॉर्म की मदद से यूजर्स बिना कोडिंग की जानकारी के अपने ब्रेन गेम्स बना सकेंगे, उन्हें प्रकाशित कर सकेंगे और दूसरे लोगों के साथ साझा कर सकेंगे।
गणित के गेम से शुरू हुआ Matiks का सफर
2024 में स्थापित Matiks ने शुरुआत एक प्रतिस्पर्धी मेंटल मैथ गेम के रूप में की थी। इसके बाद कंपनी ने अपने प्लेटफॉर्म का विस्तार करते हुए इसमें गणित, मेमोरी, लॉजिक और पजल से जुड़े गेम शामिल किए। यूजर्स इस प्लेटफॉर्म पर एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबला कर सकते हैं, रोजाना होने वाली चुनौतियों में हिस्सा ले सकते हैं और अकेले भी गेम खेल सकते हैं। इसके साथ ही वे अपने स्कोर, रेटिंग और प्रदर्शन में हुए बदलाव को भी ट्रैक कर सकते हैं।
कंपनी के अनुसार, सितंबर 2026 में Matiks पर 22 लाख खिलाड़ियों ने कुल 4.8 करोड़ गेम खेले। जून के मुकाबले इसके डेली एक्टिव यूजर्स की संख्या दोगुने से अधिक होकर 3 लाख से ज्यादा हो गई। कंपनी को जापान, अमेरिका और दक्षिण कोरिया जैसे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी शुरुआती सफलता मिली है।
Matiks के को-फाउंडर और CEO सुधांशु भाटिया ने कहा, “हमने Matiks की शुरुआत एक साधारण विश्वास के साथ की थी कि अपने दिमाग का इस्तेमाल करना भी मनोरंजन के दूसरे तरीकों जितना मजेदार और आकर्षक हो सकता है। हमारा लक्ष्य माइंड स्पोर्ट्स को शारीरिक खेलों और ई-स्पोर्ट्स की तरह लोकप्रिय बनाना है।”
स्किल-बेस्ड गेमिंग पर कंपनी का फोकस
Matiks खुद को ऐसे डिजिटल मनोरंजन विकल्प के रूप में पेश कर रहा है, जो यूजर्स को केवल कंटेंट देखने के बजाय सक्रिय रूप से सोचने, सीखने और प्रतिस्पर्धा करने के लिए प्रोत्साहित करता है। कंपनी के मुताबिक, लगातार सात दिनों तक गेम खेलने वाले यूजर्स में से 62% एक महीने बाद भी प्लेटफॉर्म पर सक्रिय रहते हैं। वहीं, कुछ शुरुआती यूजर समूहों में 52वें सप्ताह तक 32% यूजर्स जुड़े रहे।
कंपनी ने हाल ही में SNAC नाम का एक फीचर भी पेश किया है। यह सिंगल-प्लेयर पजल्स की एक ऐसी फीड है, जिसमें यूजर्स लगातार नए गेम खेल सकते हैं। Matiks के अनुसार, इस फीचर का इस्तेमाल करने वाले यूजर्स के गेमिंग सेशन की अवधि लगभग तीन गुना अधिक रही है।
AI से अपने गेम बना सकेंगे यूजर्स
General Catalyst के पार्टनर राहुल हुमायूं ने कहा कि Matiks एक ऐसा सोशल प्लेटफॉर्म बना रहा है, जहां यूजर्स अपने दोस्तों को चुनौती देने, एक-दूसरे से सीखने और AI की मदद से गेम बनाने में सक्षम होंगे। उन्होंने कहा कि कंपनी ने आम खिलाड़ियों से लेकर विश्व चैंपियंस तक का एक सक्रिय समुदाय तैयार किया है और अब इसका विस्तार वैश्विक स्तर पर करने की योजना है।
Matiks की विकास रणनीति में AI आधारित गेम क्रिएशन इंजन की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इसके जरिए यूजर्स अपने ब्रेन गेम्स तैयार कर सकेंगे और उन्हें दूसरे खिलाड़ियों के साथ साझा कर पाएंगे। कंपनी का लक्ष्य केवल गेमिंग प्लेटफॉर्म तक सीमित रहने के बजाय एक ऐसा क्रिएटर-आधारित इकोसिस्टम तैयार करना है, जहां यूजर्स खुद नए गेमिंग अनुभव विकसित कर सकें।