टेस्ला ने भारत में लॉन्च किया 6-सीटर मॉडल Y L

टेस्ला ने भारत में लॉन्च किया 6-सीटर मॉडल Y L

टेस्ला ने भारत में लॉन्च किया 6-सीटर मॉडल Y L
टेस्ला ने भारत में 61.99 लाख की कीमत पर नया 6-सीटर मॉडल Y L लॉन्च किया है, जिसमें एक्सटेंडेड व्हीलबेस और 681 किमी तक की रेंज दी गई है।

टेस्ला ने भारत में अपनी इलेक्ट्रिक एसयूवी लाइनअप का विस्तार करते हुए मॉडल Y का नया छह-सीटर वेरिएंट पेश किया है। कंपनी ने इस नए वेरिएंट को ‘मॉडल Y L’ नाम दिया है, जिसकी एक्स-शोरूम कीमत ₹61.99 लाख रखी गई है।

मॉडल Y L को मौजूदा स्टैंडर्ड और लॉन्ग-रेंज वेरिएंट्स के बीच पोजिशन किया गया है। इसका लॉन्च भारत में बढ़ती उस मांग को दर्शाता है, जहां ग्राहक अब ज्यादा स्पेस, आराम और इन-कैबिन फीचर्स वाले बड़े वाहनों को प्राथमिकता दे रहे हैं। टेस्ला ने भारत में करीब एक साल पहले इम्पोर्टेड मॉडल Y के साथ एंट्री की थी, हालांकि 100% तक के आयात शुल्क के चलते इसकी कीमतें अभी भी प्रीमियम सेगमेंट में बनी हुई हैं।

नए मॉडल Y L में 681 किमी तक की WLTP ड्राइविंग रेंज का दावा किया गया है। आकार की बात करें तो इसकी लंबाई 4,976 मिमी, चौड़ाई 1,920 मिमी और ऊंचाई 1,668 मिमी है। यह स्टैंडर्ड मॉडल से लगभग 180 मिमी लंबा और 44 मिमी ऊंचा है, जबकि इसका व्हीलबेस 150 मिमी बढ़ाकर 3,040 मिमी किया गया है, जिससे इसमें तीसरी रो जोड़ी गई है।

यह एसयूवी 2+2+2 सीटिंग कॉन्फिगरेशन के साथ आती है। दूसरी रो में रिट्रैक्टेबल आर्मरेस्ट, पावर फोल्डिंग और हीटिंग जैसे फीचर्स मिलते हैं, जबकि तीसरी रो में 50:50 स्प्लिट, USB टाइप-C पोर्ट, कपहोल्डर और C-पिलर पर एसी वेंट्स दिए गए हैं।

कार्गो स्पेस की बात करें तो पीछे की सीटें फोल्ड करने पर इसमें 2,539 लीटर तक की जगह मिलती है। दूसरी और तीसरी रो को कार्गो एरिया से ही फोल्ड किया जा सकता है। इसके अलावा, वाहन में 116 लीटर का फ्रंट ट्रंक (फ्रंक) भी दिया गया है। कुल मिलाकर, मॉडल Y L के जरिए टेस्ला भारत में बड़े और प्रीमियम इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती मांग को भुनाने की कोशिश कर रही है।

Subscribe Newsletter
Submit your email address to receive the latest updates on news & host of opportunities