निवेशक और Zerodha के, को-फाउंडर निखिल कामथ ने डेटा सेंटर ऑपरेटर CtrlS Datacenters में ₹200 करोड़ का निवेश किया है, जबकि उद्यमी श्रीराम रेड्डी वांगा ने ₹50 करोड़ का निवेश किया है।
श्रीधर पिन्नापुर्दी (Sridhar Pinnapureddy) द्वारा स्थापित CtrlS, हाइपरस्केल डेटा सेंटर संचालित करती है। कंपनी एंटरप्राइजेज, क्लाउड प्रोवाइडर्स, वित्तीय संस्थानों और सरकारी संगठनों को डेटा सेंटर सेवाएं उपलब्ध कराती है। इस निवेश से प्राप्त पूंजी का इस्तेमाल भारत में CtrlS के इंफ्रास्ट्रक्चर और डेटा सेंटर क्षमता का विस्तार करने के लिए किया जाएगा। AI, क्लाउड और डिजिटल वर्कलोड की बढ़ती मांग के बीच कंपनी अपने नेटवर्क को मजबूत करेगी।
निवेशक और उद्यमी निखिल कामथ ने कहा, “अगले दशक में होने वाले हर बड़े टेक्नोलॉजी बदलाव-AI, क्लाउड और डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए डेटा सेंटर जरूरी होंगे। भारत एक ऐसे महत्वपूर्ण दौर में है, जहां डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को मांग के साथ आगे बढ़ना होगा, वरना यह विकास में बाधा बन सकता है।”
निवेशक और उद्यमी श्रीराम रेड्डी वांगा ने कहा, “भारत की AI और क्लाउड से जुड़ी महत्वाकांक्षाओं के लिए बड़े स्तर पर विश्वस्तरीय डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर की जरूरत होगी। मैं CtrlS के विकास के अगले चरण और भारत में डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के बड़े अवसर का हिस्सा बनकर उत्साहित हूं।”
CtrlS Datacenters के फाउंडर और सीईओ श्रीधर पिन्नापुर्दी ने कहा कि यह निवेश कंपनी के दीर्घकालिक विस्तार को समर्थन देगा और भारत की तेजी से बढ़ती डिजिटल अर्थव्यवस्था के लिए डेटा सेंटर प्लेटफॉर्म तैयार करने में मदद करेगा।