भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने मोनिशा चक्रवर्ती को कार्यकारी निदेशक (Executive Director) नियुक्त किया है। इससे पहले वह डिपार्टमेंट ऑफ सुपरविजन में मुख्य महाप्रबंधक (Chief General Manager-in-Charge) के पद पर कार्यरत थीं। नई जिम्मेदारी में वह विदेशी मुद्रा विभाग (Foreign Exchange Department) और वित्तीय बाजार विनियमन विभाग (Financial Markets Regulation Department) की देखरेख करेंगी।
मोनिशा चक्रवर्ती को RBI में तीन दशकों से अधिक का अनुभव है। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने सुपरविजन, विदेशी मुद्रा प्रबंधन तथा सरकार एवं बैंक खातों से जुड़े विभिन्न विभागों में काम किया है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में स्नातक और बिजनेस इकोनॉमिक्स में परास्नातक की डिग्री प्राप्त की है।
वहीं, भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) ने प्रशांत महापात्र को 4 अगस्त 2026 से कार्यकारी निदेशक नियुक्त किया है। इससे पहले वह सेबी में मुख्य महाप्रबंधक (Chief General Manager) के रूप में कार्यरत थे। अपनी नई भूमिका में वह कॉरपोरेशन फाइनेंस इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट तथा रिकवरी एंड रिफंड डिपार्टमेंट का नेतृत्व करेंगे।
प्रशांत महापात्र ने अप्रैल 1999 में सेबी में अपनी सेवा शुरू की थी। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने मार्केट रेगुलेशन, इन्वेस्टिगेशन, एन्क्वायरी एवं एडजुडिकेशन, मार्केट इंटरमीडियरी रेगुलेशन एंड सुपरविजन, कॉरपोरेशन फाइनेंस और इन्वेस्टमेंट मैनेजमेंट जैसे कई विभागों में कार्य किया है। इसके अलावा वह सेबी के कोलकाता स्थित पूर्वी क्षेत्रीय कार्यालय में भी सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने उत्कल विश्वविद्यालय, ओडिशा से एमबीए की डिग्री प्राप्त की है।