Rotoris ने by Blume Ventures की अगुवाई में जुटाए ₹70 करोड़, वॉचमेकिंग कारोबार का करेगी विस्तार

Rotoris ने by Blume Ventures की अगुवाई में जुटाए ₹70 करोड़, वॉचमेकिंग कारोबार का करेगी विस्तार

Rotoris ने by Blume Ventures की अगुवाई में जुटाए ₹70 करोड़, वॉचमेकिंग कारोबार का करेगी विस्तार
भारतीय लग्जरी वॉच ब्रांड रिसर्च एंड डेवलपमेंट (R&D), उत्पादन क्षमता बढ़ाने और भारत सहित अंतरराष्ट्रीय बाजारों में रोटोरिस हाउस का विस्तार करने पर खर्च करेगा फंड; अमेरिका, दुबई और ऑस्ट्रेलिया में बढ़ रही है कलेक्टर्स की मांग।


भारतीय लग्जरी वॉच ब्रांड Rotoris ने सीरीज A फंडिंग राउंड में ₹70 करोड़ (लगभग 8.5 मिलियन अमेरिकी डॉलर) जुटाए हैं। इस फंडिंग राउंड की अगुवाई Blume Ventures ने की। कंपनी इस राशि का इस्तेमाल रिसर्च एंड डेवलपमेंट (R&D) को मजबूत करने, उत्पादन क्षमता बढ़ाने और भारत के साथ-साथ विदेशी बाजारों में अपने रोटोरिस हाउस का विस्तार करने के लिए करेगी।

इस फंडिंग राउंड में 9Unicorns और Centricity ने भी हिस्सा लिया। इनके माध्यम से कई फैमिली ऑफिस ने निवेश किया। इनमें BlackRock के ग्लोबल हेड ऑफ डेटा दिवाकर गोयल, Coca-Cola के एशिया पैसिफिक के पूर्व ग्रुप प्रेसिडेंट अतुल सिंह और डाबर परिवार के अधिराज बर्मन शामिल हैं। अभिनेता और टेलीविजन होस्ट रणविजय सिंघा ने भी इस फंडिंग राउंड में निवेश किया।

आकाश आनंद और प्रेरणा गुप्ता द्वारा स्थापित Rotoris लिमिटेड एडिशन कलेक्शन, अलग डिजाइन और बेहतर कारीगरी के जरिए प्रीमियम वॉच सेगमेंट में अपनी पहचान बना रहा है। आकाश आनंद इससे पहले Bella Vita को स्थापित कर उसका विस्तार कर चुके हैं और बाद में इस कारोबार से बाहर निकल गए थे। वहीं, प्रेरणा गुप्ता Rotoris का नेतृत्व कर रही हैं। उन्हें प्रीमियम ब्रांड बनाने और ग्राहकों को बेहतर अनुभव देने का अनुभव है।

लिमिटेड एडिशन कलेक्शन से बढ़ रही है मांग

Rotoris ने फरवरी 2026 में अपनी पहली वॉच कलेक्शन लॉन्च की थी। इसमें 2,100 अलग-अलग नंबर वाली घड़ियां शामिल थीं। कंपनी के अनुसार, लॉन्च के कुछ ही दिनों में पूरा कलेक्शन बिक गया। इसके बाद से लगभग एक लाख लोगों ने कंपनी की घड़ियां खरीदने के लिए अपनी रुचि दर्ज कराई है। कंपनी की कुल मांग में करीब 40 फीसदी हिस्सेदारी अंतरराष्ट्रीय बाजारों की है, जिनमें अमेरिका, दुबई और ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं।

ब्रांड के कलेक्शन में Manifesta भी शामिल है। इसमें लैपिस लाजुली, इम्पीरियल जेड, व्हाइट मदर ऑफ पर्ल और पीटर्साइट जैसे प्राकृतिक पत्थरों से बने डायल इस्तेमाल किए जाते हैं। प्राकृतिक पत्थरों के इस्तेमाल के कारण हर घड़ी के डायल का रंग और बनावट अलग होती है। इससे प्रत्येक घड़ी को एक खास पहचान मिलती है।

कंपनी का एक अन्य कलेक्शन Astonia है, जिसमें 42 एमएम का क्रोनोग्राफ डिजाइन दिया गया है। इसमें स्टील, टाइटेनियम और कार्बन का इस्तेमाल किया गया है। यह घड़ी स्विस मूवमेंट से संचालित होती है। वहीं Rotoris अपने हर कलेक्शन में बनाई जाने वाली घड़ियों की कुल संख्या की जानकारी देता है। प्रत्येक घड़ी पर एक अलग नंबर दर्ज होता है और उसके साथ जरूरी दस्तावेज भी दिए जाते हैं। इससे ग्राहकों को घड़ी की पहचान और उसके लिमिटेड एडिशन होने की जानकारी मिलती है।

भारत में असेंबली और अंतरराष्ट्रीय वॉचमेकिंग विशेषज्ञता

Rotoris भारत में स्थित अपने Rotoris Atelier में घड़ियों की असेंबली और टेस्टिंग हाथ से करता है। इसके लिए स्विट्जरलैंड से मंगाई गई मशीनों का इस्तेमाल किया जाता है। कंपनी के अनुसार, घड़ियों को असेंबल करने की प्रक्रिया स्विस घड़ी विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में तैयार की गई है। इन विशेषज्ञों को Patek Philippe, IWC और Tiffany & Co. जैसी कंपनियों में काम करने का पेशेवर अनुभव रहा है।

ब्रांड अपने अलग-अलग कलेक्शन के अनुसार स्विस और जापानी मूवमेंट का इस्तेमाल करता है। कंपनी प्रत्येक कलेक्शन में इस्तेमाल होने वाले मूवमेंट की जानकारी भी देती है। इसकी प्रोडक्ट रणनीति में आकर्षक डिजाइन के साथ इंजीनियरिंग, असेंबली और बारीकियों पर विशेष ध्यान दिया जाता है।वहीं कंपनी की सह-संस्थापक प्रेरणा गुप्ता ने कहा, "डिजाइन ग्राहकों को आकर्षित करता है, लेकिन इंजीनियरिंग, असेंबली और बारीकियों पर ध्यान देने से उनका भरोसा जीतने में मदद मिलती है। हम Rotoris के इन दोनों पहलुओं को समान सोच और प्रतिबद्धता के साथ विकसित कर रहे हैं।"

Rotoris अंतरराष्ट्रीय बाजारों में बढ़ाएगा अपनी मौजूदगी

कंपनी के को-फाउंडर आकाश आनंद ने कहा कि ब्रांड ऐसे ग्राहकों को ध्यान में रखकर बनाया जा रहा है, जो घड़ियों को अपनी महत्वाकांक्षा और उपलब्धियों को व्यक्त करने का एक माध्यम मानते हैं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय ग्राहकों के बीच न्यूयॉर्क की अहमियत का जिक्र करते हुए वहां Rotoris House स्थापित करने की योजना भी बताई।

Blume Ventures के, को-फाउंडर और मैनेजिंग पार्टनर कार्तिक रेड्डी ने कहा कि यह निवेश कंपनी के संस्थापकों की उस क्षमता पर भरोसे को दर्शाता है, जिसके जरिए वे भारत से एक वैश्विक ब्रांड बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि कंपनी ने अपने उत्पादों के लिए बाजार में मांग साबित की है। निवेशकों को इसमें ऐसा ब्रांड बनाने की संभावना दिखती है, जो अंतरराष्ट्रीय ब्रांडों को टक्कर दे सके।

9Unicorns के फाउंडर डॉ. अपूर्व रंजन शर्मा ने कहा कि उनकी फर्म ने आकाश आनंद और प्रेरणा गुप्ता को उनके पहले फंडिंग राउंड में भी समर्थन दिया था। उन्होंने नए फंडिंग राउंड में दोबारा उनका साथ देने और इसमें शामिल फैमिली ऑफिस के साथ निवेश करने पर खुशी जताई।

भारत से वैश्विक लग्जरी ब्रांड बनाने की तैयारी

Rotoris की तत्काल प्राथमिकताओं में उत्पादन क्षमता बढ़ाना, उत्पादों के विकास को मजबूत करना और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपनी मौजूदगी बढ़ाना शामिल है। कंपनी अपने रिटेल कारोबार और ग्राहकों के अनुभव को बेहतर बनाने पर भी काम कर रही है। इसके तहत Rotoris House का विस्तार किया जाएगा। न्यूयॉर्क को इसके लिए संभावित स्थान के रूप में पहचाना गया है।

फिलहाल घड़ियां कंपनी की पहली प्रोडक्ट कैटेगरी हैं, लेकिन Rotoris की योजना भारत में विकसित एक ऐसे लग्जरी ब्रांड की पहचान बनाने की है, जो अपने डिजाइन और उत्पादों के लिए जाना जाए। कंपनी का लक्ष्य घड़ियों से आगे बढ़कर एक व्यापक लग्जरी ब्रांड स्थापित करना है। अत: नए फंडिंग राउंड से कंपनी को अपनी इस योजना को आगे बढ़ाने, परिचालन का विस्तार करने और भारत सहित अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अधिक ग्राहकों तक पहुंचने में मदद मिलने की उम्मीद है।

Subscribe Newsletter
Submit your email address to receive the latest updates on news & host of opportunities