किआ इंडिया (Kia India) ने भारतीय बाजार में अपनी दूसरी मास-मार्केट इलेक्ट्रिक SUV Syros ईवी लॉन्च कर दी है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 42 kWh बैटरी वेरिएंट के लिए 13.49 लाख रुपये और 51.4 kWh एक्सटेंडेड रेंज वेरिएंट के लिए 16.99 लाख रुपये रखी गई है। यह इलेक्ट्रिक SUV 30 जुलाई 2026 से देशभर के Kia डीलरशिप्स पर बिक्री के लिए उपलब्ध होगी।
कंपनी ने साइरोस ईवी (Syros EV) के साथ ग्राहकों के लिए कई विशेष ओनरशिप बेनिफिट्स भी पेश किए हैं। इनमें 3 साल बाद 80% तक की सुनिश्चित बायबैक वैल्यू, Battery-as-a-Service (BaaS) फाइनेंसिंग मॉडल, जिसमें वाहन की शुरुआती कीमत 7.99 लाख रुपये से शुरू होती है और बैटरी EMI 3.3 प्रति किलोमीटर से उपलब्ध है, शामिल हैं। इसके अलावा, पहले मालिक के लिए 15 वर्ष की अनलिमिटेड किलोमीटर हाई-वोल्टेज बैटरी वारंटी भी दी जा रही है।
किआ इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ ग्वांगगु ली (Gwanggu Lee) ने कहा कि Syros EV को इस तरह डिजाइन किया गया है कि ज्यादा से ज्यादा ग्राहक इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को आसानी से अपना सकें। उन्होंने कहा कि बायबैक प्रोग्राम और लंबी बैटरी वारंटी जैसी सुविधाएं ग्राहकों की ईवी से जुड़ी प्रमुख चिंताओं को दूर करेंगी।
526 किमी तक की रेंज
किया साइरोस ईवी (Kia Syros EV) दो बैटरी विकल्पों में उपलब्ध है। 51.4 kWh बैटरी पैक एक बार चार्ज करने पर ARAI प्रमाणित 526 किमी की रेंज प्रदान करता है, जबकि 42 kWh बैटरी की प्रमाणित रेंज 443 किमी है। कंपनी का कहना है कि यह अपने सेगमेंट की पहली इलेक्ट्रिक SUV है, जिसकी रेंज 500 किमी से ज्यादा है।
साइरोस ईवी ( Syros EV) में 171 PS की पावर मिलती है और बड़ा बैटरी पैक 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार 8.1 सेकंड में पकड़ सकता है। यह SUV DC फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है, जिससे बैटरी 10% से 80% तक केवल 39 मिनट में चार्ज हो जाती है।
आधुनिक तकनीक और स्मार्ट फीचर्स
किया साइरोस ईवी (Kia Syros EV) को कंपनी के K1 प्लेटफॉर्म पर विकसित किया गया है और इसमें Nickel Manganese Cobalt (NMC) बैटरी का उपयोग किया गया है। इसमें रेजेनरेटिव ब्रेकिंग पैडल शिफ्टर्स, Vehicle-to-Load (V2L) और विभिन्न मौसमों में बेहतर परफॉरमेंस के लिए बैटरी हीटिंग सिस्टम जैसे फीचर्स दिए गए हैं।
चार्जिंग के लिए कंपनी का K-Charge नेटवर्क MyKia ऐप के माध्यम से देशभर में 23 चार्ज पॉइंट ऑपरेटरों के 20,300 से ज्यादा चार्जिंग पॉइंट्स तक पहुंच प्रदान करता है। इसके अलावा, Kia के 129 से ज्यादा डीलरशिप्स पर DC फास्ट चार्जर और 275 से ज्यादा ईवी-रेडी वर्कशॉप्स भी उपलब्ध हैं।
प्रीमियम डिजाइन और एडवांस सेफ्टी
नई Syros EV में LED लाइटिंग, 17-इंच अलॉय व्हील्स, 9 एक्सटीरियर कलर विकल्प और 3 इंटीरियर थीम्स मिलती हैं। केबिन में 30-इंच पैनोरमिक डिस्प्ले, वेंटिलेटेड सीट्स, पैनोरमिक सनरूफ और वायरलेस स्मार्टफोन चार्जिंग जैसे प्रीमियम फीचर्स दिए गए हैं।
सुरक्षा के लिहाज से इसमें Level-2 ADAS के तहत 16 एडवांस ड्राइवर असिस्टेंस फीचर्स, 6 एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC) और कई अन्य सुरक्षा तकनीकें स्टैंडर्ड रूप से शामिल हैं।
किया साइरोस ईवी (Kia Syros EV) को 7 वेरिएंट्स में पेश किया गया है। किया इंडिया (Kia India) वर्तमान में भारत में Seltos, Sonet, Carens, Carnival, EV6, EV9 और अब साइरोस ईवी (Syros EV) की बिक्री करती है। कंपनी का मैन्युफैक्चरिंग प्लांट आंध्र प्रदेश के अनंतपुर में स्थित है।