इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर निर्माता अल्ट्रावायलेट (Ultraviolette) ने अपनी आगामी Tesseract इलेक्ट्रिक स्कूटर की लॉन्चिंग को आगे बढ़ाकर जनवरी 2027 कर दिया है। कंपनी ने बताया कि मॉडल को अब नए 100V इलेक्ट्रिकल आर्किटेक्चर के साथ विकसित किया जा रहा है, जिससे इसकी परफॉर्मेंस, चार्जिंग स्पीड, दक्षता और स्केलेबिलिटी में सुधार होगा।
कंपनी के अनुसार, इस स्कूटर को पहले इस साल के शुरुआती हिस्से में पेश किया गया था, लेकिन देशभर में किए गए रोडशो और कस्टमर शोकेस के बाद मिले फीडबैक के आधार पर इसमें कई इंजीनियरिंग बदलाव किए गए हैं। इन बदलावों में राइडर कम्फर्ट, एर्गोनॉमिक्स, प्रैक्टिकैलिटी और इंटरफेस डिज़ाइन शामिल हैं।
अल्ट्रावायलेट का दावा है कि नया पावरट्रेन 15kW की पीक पावर देने में सक्षम होगा, जो मौजूदा इंडस्ट्री औसत से लगभग तीन गुना अधिक है। कंपनी ने यह भी कहा कि नया सिस्टम मौजूदा स्कूटर प्लेटफॉर्म की तुलना में दोगुनी तेज चार्जिंग स्पीड सपोर्ट करेगा।
100V आर्किटेक्चर के चलते मोटर कंट्रोलर, चार्जर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स का आकार और वजन कम होने की उम्मीद है। इसके अलावा स्कूटर में बढ़ी हुई लोड कैपेसिटी, बेहतर थर्मल एफिशिएंसी, बड़ा सीट डिजाइन और अधिक फ्लोरबोर्ड स्पेस जैसी सुविधाएं भी जोड़ी गई हैं।
कंपनी ने कहा कि यह बदलाव उसके भविष्य-उन्मुख प्लेटफॉर्म डेवलपमेंट प्लान का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य उच्च प्रदर्शन और उन्नत तकनीक को सक्षम करना है। अल्ट्रावायलेट के सीईओ और को-फाउंडर नारायण सुब्रमण्यम ने कहा कि बेहतर राइडिंग अनुभव और बैटरी आर्किटेक्चर में बड़े बदलाव की आवश्यकता को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।