VinFast भारत के लिए बनाएगी खास इलेक्ट्रिक कारें

VinFast भारत के लिए बनाएगी खास इलेक्ट्रिक कारें

VinFast भारत के लिए बनाएगी खास इलेक्ट्रिक कारें
वियतनामी ईवी कंपनी विनफास्ट को तमिलनाडु के थूथुकुडी प्लांट के Phase 2 विस्तार के लिए निवेश मंजूरी मिल गई है। कंपनी भारत के लिए वाहनों को डिजाइन, डेवलप और मैन्युफैक्चर करने के साथ लोकलाइजेशन बढ़ाने की तैयारी कर रही है।

वियतनामी इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता विनफास्ट  (VinFast) भारत में अपने कारोबार और मैन्युफैक्चरिंग ऑपरेशन का विस्तार करने की तैयारी कर रही है। कंपनी अब भारतीय ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए देश के लिए खास इलेक्ट्रिक वाहनों को डिजाइन, विकसित और निर्मित करने की योजना बना रही है।

कंपनी को तमिलनाडु के थूथुकुडी प्लांट के Phase 2 विस्तार के लिए निवेश की मंजूरी मिल गई है। हालांकि, विनफास्ट (VinFast) ने प्रस्तावित निवेश राशि, अतिरिक्त उत्पादन क्षमता या विस्तार की समयसीमा का खुलासा नहीं किया है।

विनफास्ट  (VinFast के प्रवक्ता के मुताबिक, कंपनी की रणनीति केवल अपने ग्लोबल पोर्टफोलियो में मौजूद मॉडल्स को भारत में लाने तक सीमित नहीं है। आगामी मॉडल्स को भारतीय बाजार की जरूरतों और स्थानीय ग्राहकों की अपेक्षाओं के अनुसार डिजाइन और विकसित किया जाएगा। कंपनी ने साथ ही वाहनों में लोकल कंटेंट और लोकलाइजेशन का स्तर बढ़ाने की योजना भी बताई है।

विनफास्ट (VinFast) ने कहा कि उसने भारतीय बाजार को समझने के लिए मार्केट स्टडी और कस्टमर क्लीनिक्स आयोजित किए हैं। इन गतिविधियों के जरिए कंपनी ने VF 6 और VF 7 जैसे मॉडल्स को लेकर भारतीय ग्राहकों की जरूरतों और अपेक्षाओं का आकलन किया।

कंपनी के अनुसार, इन स्टडी से मिले फीडबैक के आधार पर भारतीय ग्राहकों के लिए उत्पादों में कुछ बदलाव भी किए गए हैं।

फिलहाल विनफास्ट (VinFast) अपने VF 6 और VF 7 इलेक्ट्रिक एसयूवी मॉडल्स को थूथुकुडी प्लांट में पूरी तरह नॉक्ड-डाउन (CKD) किट के जरिए असेंबल कर रही है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि इन दोनों मॉडल्स के उत्पादन को न तो बदला गया है और न ही रोका गया है। भारतीय बाजार की मांग को पूरा करने के लिए CKD असेंबली जारी रहेगी।

यह स्पष्टीकरण कंपनी की उत्पादन योजनाओं को लेकर सामने आई एक Reuters रिपोर्ट के बाद आया है।

विनफास्ट (VinFast) भारत में अपने स्थानीय सप्लायर नेटवर्क को भी मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। कंपनी ने भारत और वियतनाम में सप्लायर कॉन्फ्रेंस आयोजित की हैं, जिनमें 300 से अधिक भारतीय सप्लायर्स ने हिस्सा लिया।

इन बैठकों का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर पार्ट्स और कंपोनेंट्स की सोर्सिंग के अवसर तलाशना और कंपनी के वाहनों में लोकलाइजेशन बढ़ाना है।

कंपनी ने कहा कि मजबूत और टिकाऊ सप्लाई चेन भारत में उसकी लॉन्ग-टर्म रणनीति का अहम हिस्सा है। इसी दिशा में विनफास्ट (VinFast) अपनी गतिविधियों को 'Make in India' पहल के अनुरूप तेज कर रही है।

विनफास्ट (VinFast) ने भारत को अपनी लॉन्ग-टर्म बिजनेस और मैन्युफैक्चरिंग रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया है। कंपनी के अनुसार, भारतीय बाजार में उसके शुरुआती उत्पादों को मिली प्रतिक्रिया के बाद वह लगातार देश की टॉप पांच इलेक्ट्रिक पैसेंजर व्हीकल कंपनियों में शामिल रही है।

कंपनी भारत में उत्पादन और निवेश को बढ़ावा देने के लिए सरकार और संबंधित एजेंसियों के साथ भी बातचीत कर रही है। विनफास्ट (VinFast) के मुताबिक, ग्लोबल इलेक्ट्रिक वाहन निर्माताओं के लिए उत्पादन और निवेश को समर्थन देने वाली नीतियों पर सरकार के साथ चर्चा जारी है।

थूथुकुडी प्लांट के Phase 2 विस्तार को मंजूरी कंपनी के लिए भारत में अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Subscribe Newsletter
Submit your email address to receive the latest updates on news & host of opportunities