AssisTech Foundation (ATF), जो असिस्टिव टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में काम करने वाली संस्था है, ने Bajaj Finserv के CSR (कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) पहल के साथ मिलकर “imaginATe” नाम की फेलोशिप का पहला बैच शुरू करने की घोषणा की है। यह फेलोशिप खासतौर पर दिव्यांग (विकलांग) उद्यमियों को सहयोग और आगे बढ़ाने के लिए बनाई गई है।
घोषणा के अनुसार यह पहल ATF और Bajaj Finserv ने मिलकर तैयार की है। “imaginATe” एक व्यवस्थित फेलोशिप प्रोग्राम है, जो दिव्यांग उद्यमियों को मेंटरशिप, कौशल विकास, नेटवर्क और लंबे समय तक सहयोग देने पर केंद्रित है। इसका उद्देश्य संस्थापकों को अपने शुरुआती आइडिया को मजबूत बनाने और सफल, टिकाऊ और बड़े स्तर तक ले जाने योग्य बिज़नेस खड़ा करने में मदद करना है।
इस फेलोशिप के लिए दिसंबर महीने में आवेदन मांगे गए थे और पूरे भारत से 100 से ज्यादा आवेदन मिले। छंटनी प्रक्रिया के बाद 17 चुने गए उम्मीदवार, जो अलग-अलग तरह की दिव्यांगता का प्रतिनिधित्व करते हैं, दो दिन की जूरी मूल्यांकन प्रक्रिया में शामिल हुए। यह मूल्यांकन दो अलग-अलग पैनल द्वारा किया गया।
जूरी पैनल में उद्योग विशेषज्ञ, DEI (डाइवर्सिटी, इक्विटी और इन्क्लूजन) विशेषज्ञ, कॉरपोरेट लीडर और दिव्यांग व्यक्ति शामिल थे। इनमें से 10 फेलो को पहले बैच के लिए चुना गया है।
ATF के, को-फाउंडर और सीईओ प्रतीक माधव ने कहा कि दिव्यांग उद्यमी अपने अनुभव, हिम्मत और नए विचारों के साथ आते हैं, लेकिन उन्हें अक्सर संसाधन, मार्गदर्शन और पहचान पाने में दिक्कत होती है। imaginATe इन कमियों को दूर करने के लिए बनाया गया है। पहले बैच के आइडिया की विविधता और गुणवत्ता यह दिखाती है कि समावेशी उद्यमिता कोई दान नहीं, बल्कि देश के भविष्य के निर्माण का समझदारी भरा कदम है।
Bajaj Finserv के ग्रुप CSR प्रेसिडेंट कुरुश ईरानी ने कहा कि imaginATe के पहले बैच के जोश और विचारों से उन्हें पूरा भरोसा है कि वे आगे बढ़ेंगे। सही प्रशिक्षण और संसाधन देकर उन्हें असरदार और टिकाऊ बिज़नेस बनाने का रास्ता दिया जा रहा है। उन्होंने सभी को शुभकामनाएं दीं।
प्रेस रिलीज़ के अनुसार, imaginATe फेलोशिप में व्यवस्थित मेंटरशिप, विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण सत्र, असिस्टिव टेक्नोलॉजी की सुविधा, नेटवर्क से जुड़ने का अवसर और फेलोशिप के बाद भी सहयोग दिया जाएगा, ताकि प्रतिभागी अपने बिज़नेस को मजबूत कर सकें और उसका प्रभाव बढ़ा सकें।